भिंड जिले के रौन थाना क्षेत्र में प्लॉट निर्माण को लेकर हुए विवाद के दौरान चली गोली एक राहगीर युवक को लग गई। घटना सोमवार शाम रौन कस्बे की बताई जा रही है। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद भिंड जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजवीर गुर्जर के अनुसार कस्बा निवासी ऋषभ जैन ने हाल ही में एक प्लॉट खरीदा था, जहां निर्माण कार्य चल रहा था। सोमवार शाम निर्माण स्थल पर मिंकू राजावत पहुंचा और प्लॉट खरीदने को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। बताया गया है कि विवाद के दौरान मिंकू राजावत ने अवैध हथियार निकालकर उसमें कारतूस लोड कर लिया। राहगीर ने विवाद शांत करने की कोशिश की
इसी दौरान काशीपुरा निवासी विनय यादव वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने दोनों पक्षों के बीच विवाद शांत कराने का प्रयास किया। तभी आरोपी ने अचानक फायर कर दिया। गोली विनय यादव के पैर की पिंडली में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को रौन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे भिंड जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।


