महंगाई के विरोध में कांग्रेस का धरना:मैनपुरी में कलेक्ट्रेट पर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

महंगाई के विरोध में कांग्रेस का धरना:मैनपुरी में कलेक्ट्रेट पर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

मैनपुरी में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने बढ़ती महंगाई के विरोध में कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और घरेलू गैस की कीमतों में वृद्धि को लेकर यह प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गोपाल कुमार कुलश्रेष्ठ ने की। ज्ञापन में बढ़ती महंगाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है। धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल कुमार कुलश्रेष्ठ ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण देश की जनता महंगाई की मार झेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता को पेट्रोल-डीजल कम इस्तेमाल करने, गैस की खपत घटाने और खर्चों में कटौती की सलाह दे रही है, जबकि वह खुद जनता की समस्याओं से दूर है। कुलश्रेष्ठ ने आगे कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम भी बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी का जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनमानस के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। पार्टी बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों के दामों में वृद्धि का पुरजोर विरोध करती है। कांग्रेस ने मांग की कि महंगाई को देखते हुए पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और गैस के बढ़ते दामों पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाया जाए। जिला उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेसी चंद्र प्रकाश दुबे ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब वे रुपये की कीमत गिरने पर सवाल उठाते थे, लेकिन आज देश की आर्थिक स्थिति चिंताजनक हो गई है। दुबे ने केंद्र सरकार पर आम जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। इस अवसर पर अरविंद यादव, अतुल दुबे, श्रीकृष्ण तिवारी, अनुपम शाक्य, डॉ. नवीन शर्मा, हरेंद्र राउत, राहुल कठेरिया, हिमांशु सेन, बरनाम सिंह, मोनू यादव, दीपचंद्र भारतीय, आदेश सिंह, सुखवीर सिंह, विवेक यादव, राहुल कुमार, सरमन सिंह, राणजीत सिंह, प्रमोद कुमार और शम्भू सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *