Telangana SSC Results 2026: सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कई बच्चों के लिए हवाई जहाज में बैठना एक सपना होता है। लेकिन तेलंगाना के पेड्डापल्ली जिले के रामागिरी मंडल के बेगमपेट सरकारी हाई स्कूल के एक टीचर ने इस सपने को बच्चों की कामयाबी का अहम जरिया बना दिया। स्कूल के गणित के टीचर मलका रामाकिशन राव ने अपने वादे को पूरा करते हुए 10वीं (SSC) बोर्ड परीक्षा में शानदार नंबर लाने वाले स्टूडेंट को अपने खर्चे पर हवाई जहाज की सैर कराई है।
गणतंत्र दिवस पर किया था वादा
मैथ्स के टीचर मलका रामाकिशन राव ने इस साल गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान स्कूल में ऐलान किया था कि, 10वीं बोर्ड परीक्षा में जो भी छात्र 600 में से 550 से ज्यादा अंक लाएगा उसे वह इनाम के तौर पर अपनी तरफ से हवाई यात्रा करवाएंगे। श्रीमंथुला पूर्णचंदर नाम के स्टूडेंट ने इस चुनौती को एक्सेप्ट करते हुए परीक्षा में 600 में से 554 अंक हासिल कर यह खास इनाम अपने नाम कर लिया।
हैदराबाद से विशाखापत्तनम तक की उड़ान
टीचर रामाकिशन राव ने अपना वादा निभाते हुए खुद के पैसों से पूर्णचंदर को हैदराबाद से विशाखापत्तनम तक फ्लाइट से सफर कराया। यह सफर सिर्फ हवाई यात्रा तक ही सीमित नहीं रहा बल्कि टीचर रामकिशन ने बच्चे को इस शहर के कई फेमस टूरिस्ट प्लेसेस की सैर भी कराई। जिससे यह ट्रिप पूर्णचंदर के लिए जीवन-भर के लिए यादगार बन गई।
बच्चों का कॉन्फिडेंस बढ़ाना है मकसद
शिक्षक रामाकिशन राव का कहना है कि, उनकी इस पहल का खास मकसद स्टूडेंट्स को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए इंस्पायर करना और सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाना है। उन्होंने यह भी ऐलान किया है कि, उनकी यह योजना आगे भी हर साल जारी रहेगी और 550 से ज्यादा नंबर लाने वाले बच्चों को हवाई सैर का यह मौका मिलता रहेगा।
सर के वादे ने किया मोटिवेट
पहली बार हवाई जहाज में बैठने के एक्सपीरियंस को साझा करते हुए पूर्णचंदर ने कहा कि, सर के फ्लाइट वाले वादे ने मुझे बहुत मोटिवेट किया। मैं हवाई यात्रा को लेकर बहुत ज्यादा एक्साइटेड था। टीचर्स के प्रोत्साहन और स्कूल में लगी स्पेशल क्लास की मदद से ही मैं अपना लक्ष्य हासिल कर पाया। स्कूल की हेडमिस्ट्रेस एन शैलजा ने भी बताया कि, लक्ष्य तय करके पढ़ाने के तरीके और नई तकनीक से स्टूडेंट्स के रिजल्ट में काफी सुधार आ रहा है। इस अनोखी पहल ने बच्चों को यह अहसास दिलाया है कि, कड़ी मेहनत और लगन से वे उन चीजों को भी हासिल कर सकते हैं जिनके बारे में उन्होंने सिर्फ कल्पना की थी।


