हनुमानगढ़ में जंक्शन पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिलाओं की फर्जी आईडी बनाकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी बाहरी जिलों के निवासी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी अन्य मास्टरमाइंड के लिए काम कर रहे थे। पुलिस मुख्य आरोपी का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फेसबुक, इंस्टाग्राम और टेलीग्राम पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाते थे। वे लोगों को अपने जाल में फंसाकर रजिस्ट्रेशन फीस और अन्य शुल्कों के नाम पर पैसे ऐंठते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रवि कुमार, महेंद्र और राधेश्याम (निवासी सरदारपुरा लाडाणा, राजियासर), दीपक (निवासी देहरा, पानीपत, हरियाणा), राकेश (निवासी रावला), राहुल (निवासी रिडमलसर) और रामचन्द्र (निवासी 1/600 आरडी बिरधवाल हेड) शामिल हैं। कई राज्यों में फैला हो सकता है नेटवर्क
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि गिरोह में शामिल कुछ युवक 12 से 15 हजार रुपए मासिक वेतन पर काम कर रहे थे।
पुलिस अब इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है। एजीटीएफ टीम से मिली जानकारी के आधार पर जंक्शन पुलिस ने यह कार्रवाई की। आरोपी हर बार पेमेंट वसूलने के लिए नए क्यूआर कोड का इस्तेमाल करते थे, पुलिस इस पहलू से भी मामले की जांच कर रही है।


