हार के बावजूद राजस्थान रॉयल्स को मिल सकता है प्लेऑफ्स का टिकट, जानें सबसे आसान समीकरण

हार के बावजूद राजस्थान रॉयल्स को मिल सकता है प्लेऑफ्स का टिकट, जानें सबसे आसान समीकरण

RR Playoffs Scenario: आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स से हार के बावजूद राजस्थान रॉयल्स की प्लेऑफ उम्मीदें बरकरार हैं। जानिए बचे हुए मुकाबलों के समीकरण और कैसे राजस्थान अंतिम चार में जगह बना सकती है। 

Rajasthan Royals Playoffs Scenario in IPL 2026: आईपीएल 2026 के 62वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने जीत के साथ अपनी प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है, लेकिन उनकी संभावनाएं न के बराबर बची हैं। दूसरी ओर, राजस्थान रॉयल्स की राह भी मुश्किल हुई है, लेकिन अभी भी उनके अंतिम चार में पहुंचने की संभावना बनी हुई है।

लीग स्टेज में सिर्फ 8 मैच बाकी

चलिए जानते हैं कि राजस्थान रॉयल्स कैसे अंतिम चार में जगह बना सकती है। आपको बता दें कि आईपीएल में लीग स्टेज में कुल 70 मुकाबले खेले जाने हैं, जिनमें से 62 मुकाबले पूरे हो चुके हैं। यानी बचे हुए आठ मैचों के परिणाम राजस्थान रॉयल्स के प्लेऑफ समीकरण तय करेंगे।

आपको बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जाने वाले मुकाबले के परिणाम का राजस्थान रॉयल्स के प्लेऑफ समीकरण पर कोई असर नहीं पड़ेगा। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा, जिसे राजस्थान को हर हाल में जीतना होगा।

PBKS के जीतने से भी नहीं पड़ेगा फर्क

इसके बाद आरसीबी बनाम मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स बनाम गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इन मैच में कोई भी जीते, राजस्थान रॉयल्स के समीकरण पर फर्क नहीं पड़ेगा। फिर लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स का मुकाबला होगा। अगर पंजाब यह मैच जीत भी जाती है, तब भी राजस्थान का दावा मजबूत रहेगा।

इसके बाद राजस्थान रॉयल्स का सामना मुंबई इंडियंस से होगा। अगर राजस्थान यह मुकाबला जीत लेती है, तो वह प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। वहीं पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स की उम्मीदें खत्म हो जाएंगी। लीग स्टेज का आखिरी मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच को दिल्ली कैपिटल्स जीत भी लेती है, तब भी उसके लिए अंतिम चार में जगह नहीं बना पाएगी।

RCB ने प्लेऑफ्स का टिकट कर लिया पक्का

आपको बता दें कि प्लेऑफ में अब सिर्फ तीन जगह बाकी हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को हराकर प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लिया है। दूसरी ओर पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की राह मुश्किल हो गई है। गुजरात टाइटंस का भी प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करना लगभग तय माना जा रहा है।

वहीं सनराइजर्स हैदराबाद अगर अपने दोनों मैच हार जाती है तो ही वह प्लेऑफ की रेस से बाहर होगा। लेकिन अगर वह दोनों में से एक भी मैच जीत लेती है, तो प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। अगर सनराइजर्स दोनों मैच हारती है, तो राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स अंतिम चार में जगह बना लेंगे।

​Sports – Patrika | CMS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *