Operation Clean: ओडिशा पुलिस ने पूरे राज्य में अचानक ऐसा तगड़ा एक्शन लिया है कि अपराधियों और ड्रग माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पांच दिनों के भीतर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए करीब 1,771 अपराधियों को दबोचकर जेल के पीछे भेज दिया है।
Odisha Police Raid: ओडिशा पुलिस ने 12 से 16 मई तक चले ‘ऑपरेशन क्लीन’ में राज्यभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,771 अपराधियों और 190 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान 3,026 किलो गांजा, 20 अवैध हथियार, 19 जिंदा कारतूस और 179 गाड़ियां जब्त की गईं। अवैध खनन, हथियार तस्करी और ड्रग नेटवर्क पर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। वहीं 966 नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई कर 1.89 करोड़ रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
ओडिशा पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’
ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (DGP) योगेश बहादुर खुरानिया के कड़े निर्देश पर राज्य के सभी पुलिस रेंज में एक विशेष अभियान चलाया गया, जो 12 मई से 16 मई तक चला। इस पांच दिन के अभियान में जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस कमिश्नरों ने खुद कमान संभाली। इस एक्शन का मुख्य मकसद पेंडिंग गैर-जमानती वारंट (NBWs) को तामील करना, फरार आरोपियों को दबोचना और नशे के काले कारोबार की कमर तोड़ना था।
आंकड़ों में ओडिशा पुलिस का बड़ा एक्शन
- गिरफ्तारियां: 1,771 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, 190 फरार आरोपी गिरफ्तार कर कोर्ट भेजे गए।
- नशे पर वार: 3,026 किलो से ज्यादा गांजा और ब्राउन शुगर बरामद। 31 एनडीपीएस केस दर्ज, 29 तस्कर अरेस्ट
- अवैध माइनिंग: हाईवा और जेसीबी समेत 179 गाड़ियां जब्त। 136 केस दर्ज, 60 गिरफ्तार,
- हथियार तस्करी: 20 अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद। 9 केस दर्ज, 13 गिरफ्तार,
- 5 बड़े अपराधियों पर NSA लगाया गया, जबकि 449 आदतन अपराधियों पर BNSS की धारा 129 के तहत कार्रवाई की गई।
3 हजार किलो गांजा, 966 गाड़ियां जब्त
पुलिस ने नशे के खिलाफ जो जाल बिछाया, उसमें बड़े-बड़े तस्कर फंस गए। इस पूरे अभियान में 3,026 किलो और 702 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। इसमें सबसे बड़ी कामयाबी साउथ-वेस्टर्न रेंज को मिली, जहां अकेले 1,943 किलो गांजा पकड़ा गया। इसी बीच, ओडिशा पुलिस ने सड़कों पर मौत बनकर दौड़ने वाले शराबी ड्राइवरों पर भी शिकंजा कसा। कुल 966 नशेड़ी चालकों को पकड़कर उनकी गाड़ियां सीज कर दी गईं। ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों से पुलिस ने कुल 1.89 करोड़ रुपये का भारी-भरकम जुर्माना वसूला है, जिसमें वेस्टर्न रेंज ने सबसे ज्यादा 53.38 लाख रुपये वसूले।
20 अवैध हथियार जब्त
अवैध खनन करने वाले माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने 136 केस ठोक दिए। इस कार्रवाई में मिट्टी, बालू और पत्थर ढोने वाले 179 हाइवा, डंपर, ट्रैक्टर और जेसीबी मशीनों को जब्त कर लिया गया। अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने ताबड़तोड़ रेड मारी। इस दौरान 13 लोग दबोचे गए और उनके पास से 20 अवैध हथियार, पिस्तौल और 19 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साउथ रेंज ने अकेले 11 अवैध हथियार बरामद कर अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। इसके अलावा, अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ एक्शन लेते हुए पुलिस ने गाड़ियों से 33 मवेशियों को भी रेस्क्यू किया है। ओडिशा पुलिस का कहना है कि सूबे से माफिया राज को खत्म करने के लिए ऐसे कड़े अभियान आगे भी जारी रहेंगे।


