महाराष्ट्र में भोंदू बाबा का खौफनाक खेल! एक ही रात में युवती और ग्राम पंचायत कर्मी को उतारा मौत के घाट

महाराष्ट्र में भोंदू बाबा का खौफनाक खेल! एक ही रात में युवती और ग्राम पंचायत कर्मी को उतारा मौत के घाट

Double Murder Case: महाराष्ट्र के धुले जिले के साक्री तालुका से दिल दहला देने वाला एक दुहेरा हत्याकांड (डबल मर्डर) सामने आया है। साक्री के निजामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत भडगांव रोड पर स्थित टेंभे फाटा के पास रविवार सुबह एक विवाहित महिला और एक युवक के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात शनिवार को ‘शनि अमावस्या’ की रात को अंजाम दी गई है। इस मामले में पुलिस ने गोसंवर्धन की आड़ में तंत्र-मंत्र करने वाले एक संशयित भोंदू बाबा को हिरासत में लिया है।

पति को किया था फोन, सुबह मिली लाश

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृत महिला की पहचान जयश्री रजनीकांत काकुस्ते (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो साक्री के कासारे गांव की रहने वाली थी। जयश्री शादीशुदा थीं और उनका एक बच्चा भी है। वह बजाज फाइनेंस के साक्री कार्यालय में काम करती थीं। शनिवार को वह काम के सिलसिले में छडवेल गई थीं। रात करीब 10 बजे उन्होंने अपने पति को फोन कर बताया कि वह घर लौट रही हैं और उन्हें लेने के लिए साक्री बुलाया। लेकिन जब पति साक्री पहुंचे, तो जयश्री का मोबाइल फोन बंद आने लगा। रविवार सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि सड़क किनारे एक महिला का शव पड़ा हुआ है।

दूसरा शव मिलने से खुला ‘डबल मर्डर’ का राज

निजामपुर पुलिस और फॉरेंसिक की टीम ने जब मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की, तो पास ही उभरांडी शिवार इलाके में एक युवक की भी लाश बरामद हुई। जांच में मृतक युवक की पहचान अक्षय गंगाधर सोनवणे (निवासी भादणे, साक्री) के रूप में हुई है। अक्षय स्थानीय ग्राम पंचायत में सिपाही (चपरासी) के पद पर कार्यरत था। पुलिस के अनुसार, दोनों की हत्याएं आपस में जुड़ी हुई हैं और यह एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया दोहरा हत्याकांड है।

सड़क हादसा दिखाने की कोशिश, लेकिन नहीं मिले निशान

हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल पर पीड़ितों की गाड़ी को किसी टक्कर या घसीटे जाने के कोई निशान नहीं मिले हैं। इसके अलावा मृत महिला के पास मौजूद पैसे भी सुरक्षित मिले हैं। इससे साफ होता है कि हत्यारों ने इसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी, लेकिन वे नाकाम रहे।

भोंदू बाबा ‘भैय्या महाराज’ गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय अपराध शाखा (LCB) ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक संशयित आरोपी को दबोच लिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम योगेश खैरनार उर्फ भैय्या महाराज (निवासी जैताणे) है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी भैय्या महाराज गोसंवर्धन (गाय पालन) की आड़ में भोंदुगिरी (अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र) का काम करता था। शनिवार को शनि अमावस्या की रात होने के कारण पुलिस इस मामले में अंधविश्वास और नरबलि या गुप्त धन जैसे एंगल से भी जांच कर रही है।

सीसीटीवी खंगाल रही है पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जयश्री और अक्षय उस सुनसान जगह पर कैसे पहुंचे और उनके साथ उस रात क्या हुआ था? पुलिस ने इलाके के मुख्य रास्तों और दुकानों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। इस खौफनाक दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे साक्री तालुका में डर और शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *