सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक कमरे में 29 वर्षीय सरकारी टीचर पूनम अहिरवार का खून से लथपथ शव मिला। उसके ऊपर अंबिकेश गौतम नाम के युवक का फांसी के फंदे पर लटका हुआ शव था। घटना स्थल से खून और बाल चिपका तवा भी बरामद हुआ, जिसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंका गया था। पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि युवक ने पहले युवती की हत्या की। फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं मृतका के पिता शिवकुमार अहिरवार ने इस थ्योरी को खारिज करते हुए हत्या में किसी तीसरे व्यक्ति के शामिल होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी जिस युवक के साथ मिली, उसे वे जानते तक नहीं थे। दैनिक भास्कर ने मामले में युवती के पिता से बात की। पढ़िए रिपोर्ट… ऐसे खुला पूरे मामले का राज जानकारी के मुताबिक, रीवा जिले के बेला गांव निवासी अंकितेश गौतम तीन साल से सतना में किराए के कमरे में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। दो महीने पहले उसका छोटा भाई अंबिकेश नौकरी लगने के बाद उसके साथ रहने लगा था। 15 मई की शाम अंकितेश जब कमरे में पहुंचा तो बाहर ताला लगा मिला। रात करीब 8 बजे दोबारा आने पर भी ताला नहीं खुला। उसे अंदर कूलर चलने की आवाज सुनाई दी। भाई को कॉल करने पर कमरे के अंदर से ही फोन की घंटी सुनाई दी, जिससे उसे शक हुआ। खिड़की से झांकने पर उसने भाई को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद मकान मालिक की मदद से ताला तोड़कर दरवाजा खोला गया, जहां कमरे में युवती का शव खून से लथपथ पड़ा था। सूचना पर सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह, टीआई सुदीप सोनी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। युवती की पहचान आधार और आई कार्ड के जरिए अनूपपुर जिले के कोतमा निवासी पूनम अहिरवार के रूप में हुई, जो बाणसागर देवलोंद में वर्ग-1 की सरकारी शिक्षिका थीं। पिता ने जताया हत्या का शक मृतका के पिता शिवकुमार अहिरवार ने कहा कि उनकी बेटी 14 मई को भोपाल जाने की बात कहकर घर से निकली थी। अलमारी से दो हजार रुपए लेकर स्टेशन गई थी। वह सतना कैसे पहुंची, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। पिता ने हत्या में तीन बिंदुओं पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बेटी का एक शादीशुदा फल व्यापारी विनोद गुप्ता से अफेयर था, इसलिए उस पर शक है। इसके अलावा जिस व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दिए बिना दरवाजा तोड़ा, उस पर भी संदेह है। वहीं हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद नहीं होने पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए हैं। सीसीटीवी में युवक के साथ दिखी टीचर पुलिस को मकान के सीसीटीवी फुटेज में 14 मई की रात 10:35 बजे पूनम और अंबिकेश एक साथ कमरे की ओर जाते दिखाई दिए हैं। फुटेज से यह भी संकेत मिले हैं कि दोनों पहले से परिचित थे। पुलिस अब कॉल डिटेल, सीसीटीवी और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। यह खबर भी पढ़ें सतना में संदिग्ध अवस्था में मिले दो शव सतना जिले के कोलगवां थाना अंतर्गत सिद्धार्थ नगर (अशोक विहार कॉलोनी) में पुलिस ने एक बंद कमरे से एक हमउम्र जोड़े के शव बरामद किए हैं। 29 वर्षीय युवती की पहचान अनूपपुर निवासी पूनम अहिरवार और 30 वर्षीय युवक की पहचान रीवा निवासी अंबिकेश गौतम के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि युवक ने पहले किसी धारदार हथियार से युवती की हत्या की और फिर उसी कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पूरी खबर पढ़ें


