धार की ऐतिहासिक भोजशाला में हाई कोर्ट के फैसले के बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शनिवार को हिंदू समाज के लोग मां वाग्देवी के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे। भोज उत्सव समिति द्वारा मां सरस्वती का एक चित्र ढोल-बाजों, जयघोष और धार्मिक नारों के साथ भोजशाला परिसर में लाया गया। इस आयोजन में समिति के पदाधिकारी और कई श्रद्धालु शामिल हुए। रविवार को भी श्रद्धालु “जय मां वाग्देवी” और “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाते हुए भोजशाला पहुंच रहे हैं। पूरे परिसर में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद सावित्री ठाकुर भी भोजशाला पहुंचीं। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र का पूजन-अर्चन कर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि यह आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय है तथा फैसले के बाद श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। भोजशाला परिसर में मां सरस्वती के चित्र का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जा रहा है। आयोजन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस बल लगातार निगरानी कर रहा है।


