कैथल के गांव खुराना में बिजली सप्लाई का मुद्दा लगातार तूल पकड़ रहा है। बिजली सप्लाई सुचारू न मिलने से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली निगम कार्यालय पर तंबू लगा लिया। रात को भी गांव के लोग वहीं पर सोए। ग्रामीणों ने निगम के अधिकारियों और सरकार को चेतावनी दी है कि अगर गांव में रोजाना की बिजली सप्लाई 16 घंटे नहीं दी तो वे वहीं पर बैठे रहेंगे और रात को भी वहीं सोएंगे। 10 घंटे भी नहीं मिल रही बिजली ग्रामीण करण सिंह, बलवान, प्रदीप व सुरेश का कहना है कि गर्मी का मौसम है और ऐसे में गांव में बिजली की सप्लाई 10 घंटे भी नहीं दी जा रही। ऐसे में गांव में समय पर बिजली नहीं मिलने के कारण गांव के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उसमें भी समय समय पर पावर कट लगाए जा रहे हैं। गांव के लोगों को बिजली न मिलने के कारण पानी भी समय पर नहीं मिल रहा। निगम कार्यालय पर जड़ा ताला बता दें कि शनिवार को ग्रामीणों ने बिजली निगम कार्यालय पर ताला जड़ दिया था। इस दौरान जब निगम और प्रशासन के अधिकारी ग्रामीणों को समझाने के लिए पहुंचे तो उन्होंने एक न मानी। ग्रामीणों ने मांग की कि गांव में बिजली सप्लाई 16 घंट दी जाए और अघोषित कटों को भी रोका जाए। अब ग्रामीणों ने अपनी मांग पूरी न होने तक निगम कार्यालय में ही बैठे रहने की बात कही है। इस संबंध में बिजली निगम के एसई सोमवीर सिंह का कहा है कि गांव के लोग हमारा गांव जगमग गांव योजना का लाभ लें। इससे गांव में 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जाएगी।


