यमुनानगर में प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में उलझी पुलिस:सोने का कड़ा-अंगूठी गायब होने से बढ़ी मिस्ट्री; रंजिश, लूट और प्रॉपर्टी विवाद तीनों एंगल पर जांच

यमुनानगर में प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में उलझी पुलिस:सोने का कड़ा-अंगूठी गायब होने से बढ़ी मिस्ट्री; रंजिश, लूट और प्रॉपर्टी विवाद तीनों एंगल पर जांच

यमुनानगर के फरकपुर क्षेत्र में मंडेबर रोड स्थित कार्यालय में प्रॉपर्टी डीलर कलीराम की दिनदहाड़े हुई हत्या का मामला लगातार उलझता जा रहा है। वारदात के 48 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग पाया है। जांच में अब कई नए पहलू सामने आए हैं, जिनमें सोने का कड़ा और अंगूठी गायब होना सबसे बड़ा सवाल बन गया है। पुलिस अब हत्या के पीछे प्रॉपर्टी विवाद, आपसी रंजिश और लूटपाट तीनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि हमलावरों ने कलीराम पर बेहद बेरहमी से हमला किया था। शरीर पर सात से अधिक गहरे घाव मिले हैं। चेहरे, गर्दन, सिर और सीने पर तेजधार हथियार से वार किए गए थे। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हुई। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जिस तरीके से हमला किया गया, उससे साफ है कि आरोपी कलीराम की हत्या सुनिश्चित करना चाहते थे। लूट के एंगल से भी हो रही जांच जांच के दौरान परिजनों ने पुलिस को बताया कि कलीराम के हाथ में पहना सोने का कड़ा और अंगूठी गायब हैं। इसी बात ने मामले को और रहस्यमयी बना दिया है। पुलिस का कहना है कि यदि हत्या केवल रंजिश में की गई होती तो आरोपी वारदात के बाद जेवर निकालने का जोखिम शायद नहीं उठाते। वहीं दूसरी ओर आशंका यह भी जताई जा रही है कि जांच को गुमराह करने के लिए आरोपियों ने वारदात के बाद कड़ा और अंगूठी उतार ली हो। पुलिस अब इस संभावना पर भी काम कर रही है कि हत्या के पीछे लूट का एंगल भी हो सकता है। स्लम एरिया में लोगों को प्लॉट दिलवाने का करते थे काम मृतक के भतीजे संजीव कुमार के बयान पर थाना फर्कपुर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। संजीव ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा कलीराम निवासी हरनोल मंडेबर रोड पर गणपति प्रॉपर्टी एडवाइजर के नाम से कार्यालय चलाते थे और आसपास के स्लम एरिया में लोगों को प्लॉट दिलवाने का काम करते थे। रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह भी वह कार्यालय गए थे, लेकिन दोपहर तक घर नहीं लौटे। कई बार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं हुई। शाम करीब पौने छह बजे परिवार को हत्या की सूचना मिली। अमेरिका से नहीं आया इकलौता बेटा, भतीजे ने दी मुखाग्नि घटना स्थल मुख्य सड़क पर स्थित होने और आसपास घनी आबादी होने के बावजूद दिनदहाड़े हत्या होना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा कलीराम के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, लेन-देन और हाल के प्रॉपर्टी विवादों की भी जांच की जा रही है। सीआईए यूनिट और फोरेंसिक टीम लगातार साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। इधर हत्या के बाद परिवार में एक और भावुक घटनाक्रम सामने आया। कलीराम का इकलौता बेटा रजेश अमेरिका में रहता है। वारदात के बाद भतीजे संजीव ने वीडियो कॉल के जरिए उसे पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और पिता का शव भी दिखाया। इसके बावजूद राजेश भारत नहीं आया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद कलीराम का अंतिम संस्कार किया गया, जहां भतीजे संजीव ने मुखाग्नि दी। पुलिस फिलहाल हत्या के हर एंगल को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है और दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए अहम सुराग मिल सकते हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *