ललितपुर में शनिवार को वट सावित्री पर्व बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विवाहित महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर अपने पति की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की। शहर के तालाबपुरा स्थित श्री लक्ष्मीनृसिंह मंदिर परिसर में सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं ने व्रत रखकर श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ वट वृक्ष की पूजा की। मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ती रही। इसी प्रकार, जुगपुरा स्थित मंदिर में भी महिलाओं का तांता लगा रहा। महिलाएं सोलह श्रृंगार कर पूजा की थाली, फल, फूल, रोली, मौली, धूप-दीप एवं प्रसाद लेकर पहुंचीं। उन्होंने वट वृक्ष के चारों ओर परिक्रमा लगाई और कच्चा धागा बांधकर विधिवत पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत महिलाओं ने वट सावित्री व्रत कथा का श्रवण किया और अपने परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। हिंदू धर्म में वट सावित्री व्रत का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन वट वृक्ष की पूजा करने से पति की आयु लंबी होती है तथा परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।


