सिंगरौली जिले के माड़ा उपखंड के दूरस्थ ग्राम जीर में शुक्रवार रात एक जन चौपाल का आयोजन किया गया। कलेक्टर गौरव बैनल ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्रों के समय पर संचालित न होने और बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन न मिलने की शिकायत की। इस पर कलेक्टर ने संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने को भी कहा। स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए ग्रामीणों ने गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच न होने की जानकारी दी। इसे गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित एएनएम और आशा कार्यकर्ता की सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए, साथ ही क्षेत्र के सीएचओ पर भी कार्रवाई के आदेश दिए। गांव में गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए। राशन वितरण व्यवस्था में अनियमितता और कटौती की शिकायतें भी सामने आईं। खाद्य विभाग को कोटेदार की जांच कर कार्रवाई करने और शत-प्रतिशत राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, सचिव और सहायक सचिव की अनुपस्थिति तथा हितग्राही योजनाओं में लापरवाही की शिकायतों पर जांच के आदेश दिए गए। राजस्व संबंधी मामलों, जैसे लंबित नामांतरण, सीमांकन और बंटवारे के प्रकरणों के निराकरण के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। पेयजल समस्या के संबंध में बंद पड़े हैंडपंपों को तत्काल चालू कराने और नल-जल योजना के तहत बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने घोषणा की कि शनिवार, 16 मई को सुबह 10 बजे से जीर पंचायत में एक विशेष विभागीय शिविर लगाया जाएगा। इस शिविर में स्वास्थ्य, राजस्व, खाद्य, पीएचई और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करेंगे।


