अमेठी में जलभराव से व्यापारी परेशान:व्यापारी बोले- गांधी चौक से बाईपास तक नाला निर्माण के टेंडर को एक साल बीता, काम नहीं हुआ

अमेठी में जलभराव से व्यापारी परेशान:व्यापारी बोले- गांधी चौक से बाईपास तक नाला निर्माण के टेंडर को एक साल बीता, काम नहीं हुआ

अमेठी नगर क्षेत्र में जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने जिलाधिकारी संजय चौहान को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष महेश सोनी के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में अधूरे पड़े नाला निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने की मांग की गई। व्यापारी वर्षों से इस समस्या से परेशान हैं। ज्ञापन में बताया गया कि गौरीगंज-अमेठी मार्ग पर देवीपाटन मंदिर से आरआरपीजी कॉलेज तक नाला निर्माण का टेंडर चार साल पहले हुआ था, लेकिन काम अब तक अधूरा है। इसी तरह गांधी चौक से हनुमानगढ़ी मंदिर होते हुए बाईपास तक नाला निर्माण के लिए करीब एक साल पहले टेंडर हुआ था। इसके लिए शासन ने लगभग 2 करोड़ 24 लाख रुपये की धनराशि भी आवंटित की है, फिर भी धरातल पर कार्य शुरू नहीं हुआ है। जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने बताया कि बरसात के दौरान जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी होती है। सड़कों पर जलभराव हो जाता है, जिससे दुकानों और घरों में पानी भर जाता है। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। व्यापार मंडल ने मांग की है कि नगर क्षेत्र के सभी अधूरे नाला निर्माण कार्यों और टेंडरों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, बरसात शुरू होने से पहले गुणवत्तापूर्ण नाला निर्माण पूरा कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिलाधिकारी संजय चौहान ने व्यापार मंडल को आश्वस्त किया। उन्होंने तत्काल नगर पंचायत को आवश्यक निर्देश जारी किए। डीएम ने कहा कि बरसात शुरू होने से पहले नाला निर्माण और जल निकासी से जुड़े सभी कार्य प्रारंभ कराकर पूरे कराए जाएंगे। प्रशासन के इस आश्वासन पर जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने संतोष व्यक्त किया। उन्होंने दोहराया कि व्यापार मंडल जनहित और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *