NEET-2026 पेपर लीक पर छात्रों का प्रदर्शन:NSUI ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; दोषियों पर कार्रवाई की मांग

NEET-2026 पेपर लीक पर छात्रों का प्रदर्शन:NSUI ने राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; दोषियों पर कार्रवाई की मांग

NEET-2026 परीक्षा में सामने आए कथित पेपर लीक मामले को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह और चंदन राजपूत भी मौजूद रहे। छात्रों ने परीक्षा की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटना ने लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों को मानसिक तनाव और असुरक्षा की स्थिति में डाल दिया है। छात्रों का आरोप है कि कुछ भ्रष्ट तत्वों ने परीक्षा प्रणाली में सेंध लगाकर मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। NSUI पदाधिकारियों ने मांग की कि मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषी व्यक्तियों, संस्थाओं और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की आवश्यकता बताई। छात्र नेताओं ने कहा कि देश का युवा केवल न्याय चाहता है और विद्यार्थियों की मेहनत व सपनों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से इस गंभीर मामले में शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया। किल्लोद ब्लॉक में फ्लोराइडयुक्त पानी का मुद्दा भी उठा ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने किल्लोद ब्लॉक में फ्लोराइडयुक्त पानी से लोगों के बीमार होने की समस्या भी कलेक्टर के सामने रखी। उन्होंने बताया कि पूर्व में इस संबंध में चर्चा के बाद कुएं खुदवाए गए थे, लेकिन अब तक उनमें कनेक्शन नहीं होने से ग्रामीणों को राहत नहीं मिल पाई है। इस पर कलेक्टर ने तत्काल पीएचई विभाग के अधिकारियों और सीईओ से चर्चा कर पंचायत के माध्यम से समस्या के समाधान के निर्देश दिए। वहीं किल्लोद ब्लॉक के लहाड़पुर क्षेत्र में पेयजल समस्या को लेकर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि संबंधित समस्याओं का जल्द निराकरण कराया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *