कन्नौज जिले के एक गांव में फूड पॉइजनिंग से बच्चों समेत 65 लोग बीमार पड़ गए। पेट दर्द और पलटी से परेशान लोगों को जिला अस्पताल लाया गया, जबकि कई लोगों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बताया गया कि गांव में कथा के बाद प्रसाद ग्रहण करने से लोग बीमार पड़ गए। ये मामला ठठिया थाना क्षेत्र के सिमुआपुर गांव का है। जहां के रहने वाले मन्नालाल बाथम के घर शुक्रवार शाम सत्यनारायण भगवान की कथा हुई। यहां प्रसाद गृहण करने के बाद अचानक से बच्चों और ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने लग गई। पलटी और पेट दर्द के बाद परिजन ठठिया कस्बे के निजी अस्पतालों में ले गए, लेकिन मरीजों की संख्या बढ़ती देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद देर अचानक से एम्बुलेंस व निजी वाहनों से मरीजों का जिला अस्पताल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। फूड पॉइजनिंग से ग्रामीणों और बच्चों की हालत बिगड़ने की सूचना मिलते ही डीएम आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, सीएमओ डॉक्टर स्वदेश गुप्ता, एडिशनल एसपी अजय कुमार जिला अस्पताल पहुंच गए। जहां उन्होंने मरीजों का हाल जाना और बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों को दिशा निर्देश देते रहे। जिला असप्ताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर आकांक्षा ने बताया कि रात 10:30 बजे तक जिला अस्पताल में 62 मरीजों की एंट्री हो चुकी थी। जिसमें 14 गंभीर मरीजों को तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि मन्ना लाल कश्यप ने अपनी बेटी अंजली की शादी 26 अप्रैल को की थी। जिसके उपलक्ष्य में शुक्रवार को उन्होंने घर सत्यनारायण भगवान की कथा करवाई थी। जहां प्रसाद में चरणामृत और पंजीरी का प्रसाद वितरित कराया गया, जिसको खाने के बाद लोग बीमार होने लग गए। देखें फोटो..


