फरीदकोट जिले के कोटकपूरा में नगर काउंसिल चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान आम आदमी पार्टी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तकरार हो गई। यहां के शहीद भगत सिंह सरकारी कॉलेज में कुछ अज्ञात नौजवान, नामांकन भरने पहुंची कांग्रेस की एक महिला उम्मीदवार की फाइल छीनकर फरार हो गए, जिसके बाद कांग्रेस वर्करों का गुस्सा भड़क गया। सूचना मिलने के बाद जिले के एसपी जोगेश्वर सिंह गोराया के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 9 से कांग्रेस उम्मीदवार महिंदर कौर आज अपना नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचीं थी। इस दौरान एक अज्ञात युवक उनका नामांकन पत्र छीनकर फरार हो गया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के हल्का इंचार्ज अजयपाल सिंह संधू की अगुवाई में पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। AAP समर्थकों ने कहा- बिना वजह विवाद किया वहीं आम आदमी पार्टी समर्थक भी मौके पर एकत्र हो गए और उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता बिना किसी कारण विवाद खड़ा कर रहे हैं, जबकि वे लाइन तोड़कर जबरदस्ती नामांकन पत्र दाखिल करने की कोशिश कर रहे थे। कांग्रेस उम्मीदवार महिंदर कौर के पति रणजीत सिंह वढेरा ने बताया कि जब वे नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे तो पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उनके नामांकन पत्र की फाइल छीन फरार हो गए। इस दौरान कांग्रेस नेता अजयपाल सिंह संधू ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी द्वारा विरोधियों को चुनाव लड़ने से रोका जा रहा है। जब उनके उम्मीदवारों नामांकन भरने आए तो पहले से कॉलेज परिसर में मौजूद गुंडा तत्व नामांकन छीन कर फरार हो गए। विधानसभा अध्यक्ष ने खारिज किए सभी आरोप पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा बेवजह विवाद खड़ा किया जा रहा है। चुनाव पूरी तरह से पारदर्शिता व निष्पक्ष करवाए जाएंगे। 29 वार्डो के अभी एक नामांकन,16 को अंतिम दिन : नायब तहसीलदार इस मामले में नायब तहसीलदार गुरचरण सिंह बराड़ ने बताया कि कोटकपूरा के 29 वार्डों के लिए अभी तक उनके पास सिर्फ एक कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन पत्र ही आया है। विवाद के बारे में उन्होंने कहा कि इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।


