माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय: द्वितीय सेमेस्टर परीक्षाएं 16 मई से शुरू:मंडल के तीनों जनपदों में 99 परीक्षा, 20 नोडल केंद्र बने

माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय: द्वितीय सेमेस्टर परीक्षाएं 16 मई से शुरू:मंडल के तीनों जनपदों में 99 परीक्षा, 20 नोडल केंद्र बने

मिर्जापुर के माँ विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 16 मई 2026 से प्रारम्भ होंगी। इन परीक्षाओं की तैयारियों की समीक्षा के लिए कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने एक बैठक की, जिसमें परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, मिर्जापुर में 51, सोनभद्र में 32 और भदोही में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त, कुल 20 नोडल केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, जिनमें मिर्जापुर में 11, सोनभद्र में 5 और भदोही में 4 केंद्र शामिल हैं।
बैठक के दौरान प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणामों की भी समीक्षा की गई। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि प्रथम सेमेस्टर का लगभग 90 प्रतिशत परीक्षाफल घोषित हो चुका है। शेष परिणाम प्रयोगात्मक परीक्षाओं के अंक प्राप्त न होने के कारण लंबित हैं। परीक्षा नियंत्रक ने जानकारी दी कि विश्वविद्यालय की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 मई से ही शुरू होंगी। ये परीक्षाएं नकलविहीन, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई जाएंगी। सभी केंद्राध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि परीक्षा शुरू होने से पहले अपने-अपने केंद्रों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच सुनिश्चित कर लें। कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने स्पष्ट किया कि परीक्षा संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए। कुलपति ने सभी परीक्षा केंद्रों को पूर्ण पारदर्शिता, अनुशासन और शुचिता के साथ परीक्षाएं संपन्न कराने के निर्देश दिए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *