इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने गुरुवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह अपनी मंगेतर से बात कर रहा था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद युवक ने यह कदम उठा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक घटना मूसाखेड़ी क्षेत्र की है। यहां रहने वाले प्रथम तंबोली (20) ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। देर रात रिश्तेदारों ने उसे फंदे पर लटका देखा, जिसके बाद तत्काल उसे नीचे उतारा गया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया। मंगेतर पहुंची थी प्रथम के घर परिजनों ने बताया कि प्रथम की मंगेतर छावनी क्षेत्र में रहती है। घटना वाली रात वह प्रथम के घर पहुंची थी। उसी ने पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी। मंगेतर के मुताबिक दोनों के बीच बातचीत चल रही थी और इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके कुछ देर बाद प्रथम ने आत्मघाती कदम उठा लिया। इसी साल होनी थी प्रथम की शादी प्रथम निजी काम करता था। घटना के समय उसका भाई और पिता शिवपुरी गए हुए थे, जबकि उसकी मां अरबिंदो अस्पताल में ड्यूटी पर थीं। सूचना मिलने के बाद रिश्तेदारों ने परिवार को फोन कर बुलाया। परिजनों के अनुसार कुछ समय पहले ही प्रथम और उसके भाई की सगाई हुई थी। इसी वर्ष दोनों की शादी होना तय थी। प्रथम लव मैरिज करने वाला था। पुलिस का कहना है आजाद नगर टीआई लोकेश भदौरिया ने बताया कि मामले में फिलहाल जांच की जा रही है। घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


