उन्नाव के शंकरपुर समेत दर्जनों गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली:ट्रांस गंगा सिटी से जुड़ेगी आपूर्ति, दो-तीन दिन में पूरा होगा काम

उन्नाव के शंकरपुर समेत दर्जनों गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली:ट्रांस गंगा सिटी से जुड़ेगी आपूर्ति, दो-तीन दिन में पूरा होगा काम

उन्नाव के शंकरपुर और आसपास के दर्जनों गांवों को जल्द ही बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी। लंबे समय से जर्जर व्यवस्था, लो वोल्टेज और अत्यधिक कटौती से जूझ रहे इन गांवों की बिजली अब ट्रांस गंगा सिटी से जोड़ी जा रही है। बिजली विभाग ने दावा किया है कि यह कार्य अगले दो से तीन दिनों में पूरा हो जाएगा। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता भरत गौतम ने बताया कि गांवों को ट्रांस गंगा सिटी के फीडर से जोड़ने की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। उच्च अधिकारियों से भी आवश्यक दिशा-निर्देश मिल गए हैं। उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में आई आंधी और बारिश के कारण कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे कार्य में थोड़ी देरी हुई। हालांकि, विभागीय टीमें मरम्मत और लाइन दुरुस्ती के काम में तेजी से लगी हुई हैं। गौतम ने आश्वासन दिया कि किसी भी स्थिति में दो से तीन दिनों के भीतर ट्रांस गंगा सिटी से बिजली आपूर्ति जोड़ दी जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर और सुचारु विद्युत व्यवस्था मिल सकेगी। किसानों और ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर किसान आंदोलन के प्रदेश संयोजक अजय अनमोल लगातार प्रयासरत थे। उन्होंने 24 अप्रैल को उन्नाव के जिलाधिकारी और अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा था। इस ज्ञापन में शंकरपुर और आसपास के गांवों को ट्रांस गंगा सिटी के किसी फीडर से जोड़ने की मांग की गई थी। इसके बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। 11 मई को यूपीसीडा के वरिष्ठ प्रबंधन (विद्युत विभाग) ने भी अजय अनमोल के पत्र का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिशासी अभियंता को गांवों की बिजली ट्रांस गंगा सिटी से जोड़ने के निर्देश दिए। अजय अनमोल ने मुख्य अभियंता (विद्युत) और मध्यांचल यूपीसीएल के डायरेक्टर हरीश बंसल से भी वार्ता कर ग्रामीण क्षेत्रों की गंभीर बिजली समस्या से अवगत कराया था। हाल ही में, अजय अनमोल ने गोकुल बाबा स्थित बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता भरत गौतम से मुलाकात की और कार्य में तेजी लाने की मांग की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *