संभल जिले के चंदौसी में बाबूराम इंटर कॉलेज की चार मंजिला दीवार गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे आंधी और बारिश के कारण ढह गई। यह हादसा घटिया गेट मोहल्ले में हुआ। रात का समय होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि यह सड़क दिनभर व्यस्त रहती है और स्कूल में 400-500 छात्र पढ़ते हैं। दीवार गिरने से तेज आवाज हुई, जिससे घरों में सो रहे लोग बाहर निकल आए। उन्होंने देखा कि सड़क पर इंटर कॉलेज की दीवार का मलबा बिखरा पड़ा था। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पुलिस, थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी। घटना की सूचना मिलने पर स्कूल प्रबंधन के दामाद मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों के आक्रोश को देखते हुए, उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मिलकर रात में ही सड़क से मलबा हटाना शुरू कर दिया। दामाद ने अपना नाम नहीं बताया और कहा कि यह एक हादसा था, जिसमें कोई क्या कर सकता है। उन्होंने तर्क दिया कि आंधी-तूफान के कारण पेड़ भी गिर जाते हैं। स्थानीय लोगों ने बाबूराम इंटर कॉलेज के चार मंजिला भवन को अवैध निर्माण बताया है। उनका आरोप है कि इस संबंध में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रेमपाल और सत्येंद्र सिंह जैसे स्थानीय निवासियों ने बताया कि अवैध निर्माण की शिकायतें पहले भी की गई थीं,लेकिन उन्हें दबा दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और सुबह होते-होते सड़क से मलबे को पूरी तरह साफ कर दिया गया। रात में घटना होने के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय निवासी दीपक कुमार ने कहा कि बाबूराम इंटर कॉलेज की अवैध बिल्डिंग बनी हुई है, चार मंजिला बिल्डिंग बना रखी है जिसमें एक भी पिलर नहीं दिया गया है। 400-500 बच्चे पढ़ते भी हैं रात में घटना हुई है तो इसलिए कोई बड़ा नुकसान नहीं है अगर दिन में घटना होती तो काफी नुकसान हो सकता था। यह चौथी मंजिल का मालवा टूटकर गिरा है और स्कूल के सामने रहने वाली टीटू ने इसकी कई बार शिकायत भी की है लेकिन कोई सुनवाई नहीं होती है।


