पंजाब किंग्स की लगातार पांचवीं हार के विलेन बने ये 2 खिलाड़ी, 8 ओवर में ही इन 2 बॉलर्स में लुटा दिए 108 रन

पंजाब किंग्स की लगातार पांचवीं हार के विलेन बने ये 2 खिलाड़ी, 8 ओवर में ही इन 2 बॉलर्स में लुटा दिए 108 रन

Punjab Kings vs Mumbai Indians: आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से हरा दिया। यह पंजाब किंग्स की लगातार पांचवीं हार है और इस हार के बाद उनपर प्लेऑफ से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है। धर्मशाला में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 200 रन बनाए। 201 रन के लक्ष्य को मुंबई इंडियंस ने एक गेंद रहते 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

तिलक वर्मा ने मुंह से छीना मैच

इस मुकाबले में तिलक वर्मा ने 33 गेंद में 75 रनों की पारी खेली और यह पारी तब खेली, जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। इसके अलावा विल जैक्स ने 10 गेंद में 25 रन बनाए और पंजाब किंग्स के मुंह से मैच छीन लिया। इस हार के बाद पंजाब किंग्स पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर तो है, लेकिन अब उनके प्लेऑफ में जगह बनाने की राह थोड़ी मुश्किल हो गई है। वहीं, जीत के बावजूद मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। अब पंजाब किंग्स को रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु और लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ हर हाल में जीत हासिल करनी होगी, अगर उन्हें प्लेऑफ में जगह बनानी है।

हालांकि, अगर इस हार की वजह को देखें तो टीम के ही दो गेंदबाज पंजाब किंग्स की हार के विलेन बन गए। आपको बता दें कि 201 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत अच्छी रही। रोहित शर्मा ने 26 गेंद में 25 रन की पारी खेली, तो रयान रिकेल्टन ने 30 गेंद में 48 रन बनाए, जिसमें चार चौके और चार छक्के शामिल थे। इसके बाद नमन धीर सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए।

खूब पिटे बार्टलेट और यानसेन

मुंबई इंडियंस पहले 10 ओवर में 90 रन भी नहीं बना सकी थी और उनके तीन बड़े विकेट गिर चुके थे। पिच स्लो हो चुकी थी और दूसरी पारी में बल्लेबाजी कर रही मुंबई इंडियंस के लिए अगले 10 ओवर में 111 रन बनाना आसान नहीं था। लेकिन इसके बाद जेवियर बार्टलेट और मार्को यानसेन की खराब गेंदबाजी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।

17वें ओवर तक मुंबई इंडियंस ने 151 रन बना लिए थे और उनके चार विकेट गिर चुके थे। अगले तीन ओवर में 50 रन की जरूरत थी और यहां से उनके लिए जीत मुश्किल लग रही थी, लेकिन मार्को यानसन ने 18वें ओवर में 22 रन लुटा दिए। इसके बाद 19वें ओवर में बार्टलेट ने 15 रन खर्च किए। आखिरी ओवर में जीत के लिए मुंबई इंडियंस को 15 रन की जरूरत थी। बार्टलेट की पहली गेंद पर जैक्स ने छक्का मार दिया। इसके बाद अगली गेंद पर उन्होंने एक सिंगल लिया। तीसरी गेंद पर तिलक वर्मा ने कोई रन नहीं लिया, लेकिन चौथी और पांचवीं गेंद पर दो लगातार छक्के लगाकर मैच मुंबई इंडियंस की झोली में डाल दिया।

इस मुकाबले में मार्को यानसन और जेवियर बार्टलेट की सबसे ज्यादा धुनाई हुई और दोनों ने 13.80 की इकोनॉमी से रन लुटाए। मार्को यानसन ने जहां 4 ओवर में 55 रन देकर एक विकेट हासिल किया, वहीं जेवियर बार्टलेट ने 3.5 ओवर में 53 रन खर्च कर दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *