कानपुर शहर में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। सुबह से ही तेज धूप और बढ़ती तपिश लोगों को परेशान करने लगी है। दोपहर होते-होते हालात ऐसे हो गए कि सड़कों पर निकलने वाले लोग गमछे, छाते और चेहरे को ढंककर ही बाहर निकल रहे हैं। 15 से 20 मई के बीच लू चलने की संभावना है, जिससे गर्मी और ज्यादा असर दिखा सकती है। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया- आने वाले दिनों में तापमान व हीट इंडेक्स बढ़ेंगे। दिन में तेज धूप निकलेगा व लू भी चल सकती है। इसके अलावा मौसमी सिस्टम के अनुसार शाम के समय अचानक आंधी व बिजली चमक सकती है। मौसमी सिस्टम के अनुसार तय समय से चार से पांच दिन पहले मानसून दस्तक देगा। हवाओं से भी राहत नहीं मिली सीएसए के वेदर स्टेशन की रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। दिन में उत्तर-पूर्व दिशा से करीब 5.1 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं, लेकिन इनसे गर्मी से खास राहत नहीं मिली। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा। कूलर पंखे बेअसर साबित तापमान लगातार बढ़ने से कूलर और पंखे भी बेअसर साबित हो रहे हैं। दिन हो या रात, गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही। घरों में चल रहे कूलर गर्म हवा फेंक रहे हैं, जबकि पंखे भी तपिश कम नहीं कर पा रहे। रात में उमस के कारण नींद पूरी नहीं हो रही। लोग बार-बार ठंडा पानी पीकर और छांव में बैठकर राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। बढ़ती गर्मी ने बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों की दिक्कतें और अधिक बढ़ा दी हैं।


