CSK के जेमी ओवरटन चोट के कारण इंग्लैंड लौटे:14 विकेट लेकर टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज थे;रामकृष्ण की जगह मैकनील नोरोन्हा की एंट्री

CSK के जेमी ओवरटन चोट के कारण इंग्लैंड लौटे:14 विकेट लेकर टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज थे;रामकृष्ण की जगह मैकनील नोरोन्हा की एंट्री

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की प्ले-ऑफ की राह और मुश्किल हो गई है। टीम के स्टार ऑलराउंडर जेमी ओवरटन दाहिनी जांघ की चोट के कारण इंग्लैंड लौट गए हैं। बुधवार रात CSK मैनेजमेंट ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। ओवरटन इलाज और असेसमेंट के लिए यूके रवाना हुए हैं। हालांकि टीम ने यह साफ नहीं किया कि वे कितने समय तक बाहर रहेंगे, लेकिन लीग स्टेज के बचे तीन मैचों में उनका खेलना मुश्किल लग रहा है। टीम ने चोटिल तेज गेंदबाज रामकृष्ण घोष की जगह कर्नाटक के ऑलराउंडर मैकनील नोरोन्हा को टीम में शामिल किया है। पिछले मैच के हीरो ओवरटन, 14 विकेट के साथ टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज जेमी ओवरटन इस सीजन में चेन्नई के लिए गेम चेंजर साबित हो रहे थे। वे 14 विकेट के साथ टीम के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं। 11 मई को चेपॉक स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच में ओवरटन ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे थे। उन्होंने 36 रन देकर 3 विकेट लिए थे और चेन्नई की 5 विकेट से जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी। CSK के 5 खिलाड़ी चोट के कारण बाहर CSK के लिए IPL 2026 चोटों का सीजन साबित हो रहा है। ओवरटन से पहले भी कई खिलाड़ी बाहर हो चुके हैं। धोनी और स्पेंसर जॉनसन अब तक एक भी मैच नहीं खेले टीम की सबसे बड़ी चिंता पूर्व कप्तान एमएस धोनी को लेकर बनी हुई है। धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण इस सीजन अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। उनके अलावा ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन भी अनफिट होने के कारण बेंच पर हैं। मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस भी शुरुआत के तीन मैच नहीं खेल सके थे, जिससे टीम को शुरुआती हार झेलनी पड़ी थी। BCCI अवॉर्ड विजेता हैं मैकनील नोरोन्हा मैकनील नोरोन्हा हाल में घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म में रहे हैं। हाल ही में BCCI के सालाना ‘नमन अवॉर्ड्स’ में उन्हें एमए चिदंबरम ट्रॉफी से नवाजा गया था। वे 2024-25 की कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। महाराजा ट्रॉफी 2025 में मंगलुरु ड्रैगन्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 10 पारियों में 253 रन बनाए और ऑफ-स्पिन से 10 विकेट भी लिए थे। पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर CSK, प्ले-ऑफ की उम्मीद बरकरार इतनी चोटों और समस्याओं के बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स प्ले-ऑफ की रेस में बनी हुई है। टीम 11 मैचों में 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में 5वें स्थान पर है। प्ले-ऑफ में जगह पक्की करने के लिए चेन्नई को अपने बाकी तीनों मैच जीतने होंगे। टीम का अगला मुकाबला शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *