बालाघाट के कटंगी थाना क्षेत्र के जरामोहगांव में बुधवार को एक पिता और उसके दो बच्चों के शव कुएं में तैरते हुए मिले। दोनों बच्चों के शव पिता के शरीर से गमछे में बंधे हुए थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान जरामोहगांव निवासी श्याम नागेन्द्र (पिता भागवत) के रूप में हुई है। वह एलआईसी एजेंट था। कुएं से उसके बच्चों में बेटा वंश (5) और बेटी भूरि (3) शामिल हैं। दोनों बच्चों के साथ घर से निकला था युवक श्याम मंगलवार रात लगभग 8:30 से 9 बजे के बीच अपने दोनों बच्चों के साथ घर से निकला था। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने चिंता व्यक्त की। गांव में दो शादियां होने के कारण पहले उन्हें लगा कि श्याम बच्चों को लेकर शादी में गया होगा। कुएं में तैरते मिले तीनों के शव हालांकि काफी देर बीत जाने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव में पट मैदान के पास उसकी बाइक खड़ी मिली, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने भी तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर बिना मुंडेर के एक कुएं के पास श्याम की चप्पलें मिलीं। आज बुधवार को उसी कुएं में तीनों के शव दिखाई दिए। गमछे से बंधे मिले बच्चों के शव घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से खाट के सहारे श्याम और उसके बच्चों वंश और भूरि के शवों को कुएं से बाहर निकाला। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। दरअसल, श्याम पहले सहारा बैंकिंग में कंप्यूटर ऑपरेटर का काम करता था, जो बंद होने के बाद वह एलआईसी एजेंट बन गया था। हालांकि, बच्चों के साथ श्याम के आत्महत्या करने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। वॉट्सएप स्टेटस पर लिखा-‘जीने की आरजू नहीं’ मृतक के वॉट्सएप स्टेटस पर ‘जीने की आरजू नहीं’ लिखे होने की बात भी सामने आई है। उसने दर्द भरा एक वीडियो स्टेट्स पर शेयर किया था जिसमें लिखा था-‘नहीं है जिंदा रहने की आरजू, नहीं चाहिए कोई वादा या रिश्ता।’ पुलिस तीनो की मौत की हर एंगल से जांच करने की बात कह रही है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि श्याम को आत्महत्या करनी ही थी तो वह अकेले करता, मासूम बच्चों का इसमें क्या दोष था। बहरहाल पुलिस ने तीनो ही मृतकों का शव बरामद कर उसे पीएम के लिए कटंगी अस्पताल भिजवा दिया है। एसडीओपी बोले-पीएम रिपोर्ट, जांच से पता चलेगी असल वजह एसडीओपी विकाससिंह ने बताया कि कुंए से पिता और उसके दोनो बच्चो का शव बरामद कर पीएम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। जिसके पीएम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह साफ हो पाएगी। मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया है।


