जीटी करनाल हाईवे पर भीषण सड़क दुर्घटना: डंपर ने ऑटो को कुचला, 10 साल की बच्ची समेत 3 की मौत

जीटी करनाल हाईवे पर भीषण सड़क दुर्घटना: डंपर ने ऑटो को कुचला, 10 साल की बच्ची समेत 3 की मौत

Delhi road accident news: बाहरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में बुधवार की सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां स्थित प्रसिद्ध शनि मंदिर के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार डंपर ने सवारियों से भरे एक ऑटो रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह लोहे के मलबे में तब्दील हो गया।

इस दर्दनाक हादसे में एक 10 वर्षीय मासूम बच्ची, ऑटो चालक और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, डंपर की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक उस पर काबू नहीं कर पाया और ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।

एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

ऑटो में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से चार सदस्य एक ही परिवार के थे। इस हादसे ने परिवार की खुशियां उजाड़ दीं, जहां बेटी की जान चली गई, वहीं पिता और बेटा अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। परिवार के चौथे सदस्य को मामूली चोटें आई हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन और ट्रैफिक जाम

जीटी करनाल हाईवे पर हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति ऑटो के मलबे में बुरी तरह फंस गया था, जिसे दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस और कैट्स एंबुलेंस ने घायलों को तुरंत राजा हरिश्चंद्र अस्पताल पहुंचाया। राहत कार्य के दौरान हाईवे पर काफी समय तक यातायात बाधित रहा। इस हादसे ने एक बार फिर दिल्ली की सड़कों पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *