Weather Update: भीषण गर्मी के बाद मिलेगी राहत, 11 से 14 जून के बीच राजस्थान में बदलेगा मौसम, होगी बारिश

Weather Update: भीषण गर्मी के बाद मिलेगी राहत, 11 से 14 जून के बीच राजस्थान में बदलेगा मौसम, होगी बारिश

Rajasthan Rain Alert: जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से जूझ रहे लोगों को 11 जून से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से 11 से 14 जून के दौरान कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। इस अवधि में तेज आंधी, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के संकेत हैं।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में आगामी दो दिनों तक मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। साथ ही कई स्थानों पर हीटवेव की स्थिति बनी रहने तथा 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की संभावना है।

हालांकि 11 जून से मौसम में बदलाव शुरू होगा। विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। 11 से 14 जून के बीच बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के कुछ भागों में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है। इसके साथ मेघगर्जन और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।

11 जून को जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जबकि बीकानेर संभाग में भी कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है। 12 जून से बारिश का दायरा और बढ़ सकता है। इस दौरान जयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ बारिश होने तथा तेज हवाएं चलने के आसार हैं।

13 और 14 जून को भी यही स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इससे तापमान में गिरावट दर्ज होने और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और देश के कई हिस्सों में इसके अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। राजस्थान में फिलहाल मानसून के प्रवेश में कुछ समय है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से होने वाली प्री-मानसून गतिविधियां मौसम को सुहावना बना सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *