संभल गंगा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस का टायर फटा:एक की मौत, दो घायल; टायर बदलते समय ट्रक ने रौंदा

संभल गंगा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस का टायर फटा:एक की मौत, दो घायल; टायर बदलते समय ट्रक ने रौंदा

संभल के थाना कैलादेवी क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंजाब जा रही एक डबल डेकर बस का टायर बदलने के दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस के पास खड़े यात्रियों को कुचल दिया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। यह हादसा गांव सैंडा उर्फ सहरा के पास तड़के करीब 3:45 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, पंजाब जा रही डबल डेकर बस का पिछला टायर अचानक फट गया था। इसके बाद चालक ने बस को एक्सप्रेस-वे किनारे खड़ा कर दिया और टायर बदला जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बस के पास खड़े चार यात्रियों को अपनी चपेट में ले लिया। यात्रियों का आरोप है कि बस चालक ने वाहन को साइड में खड़ा तो किया, लेकिन इंडिकेटर नहीं जलाए। यात्रियों ने कई बार चालक से इंडिकेटर चालू करने को कहा, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया, जिससे यह हादसा हो गया। हादसे में एक की मौत, दो घायल घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और गंगा एक्सप्रेस-वे की यूपीडा एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने श्रीबस्ती जिले के थाना इकौना क्षेत्र के गांव पश्चिमी केवटन पूर्वा निवासी 35 वर्षीय संतराम पुत्र बच्चा राम को मृत घोषित कर दिया। संतराम पंजाब के मोगा में रहकर सब्जी की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी संजू देवी और पांच बच्चे हैं। हादसे में उनके गांव निवासी गुड्डू पुत्र मोने भी घायल हुए हैं। पुलिस ने शुरू की जांच बस में सवार मंगरे ने बताया कि टायर फटने के बाद कई लोग नीचे खड़े थे, तभी ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि मृतक संतराम उनके बहनोई थे और सभी लोग श्रीबस्ती से पंजाब के लुधियाना जा रहे थे। थाना प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *