एसएमएस हॉस्पिटल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद जयपुर में हड़कंप मच गया। अभय कमांड सेंटर में आए एक धमकी भरे संदेश में 40 करोड़ रुपये की मांग की गई और रकम नहीं देने पर अस्पताल को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जांच एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। बड़ी संख्या में पुलिस बल, अग्निशमन विभाग की गाड़ियां और डॉग स्क्वॉड की टीमें अस्पताल पहुंचीं। पूरे अस्पताल परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और हर संदिग्ध वस्तु की जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन, मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुरक्षा एजेंसियां धमकी देने वालों की पहचान करने और संदेश की सत्यता की जांच में जुटी हुई हैं। फिलहाल अस्पताल परिसर से किसी विस्फोटक सामग्री के मिलने की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।


