यूपी की बड़ी खबरें:गोरखपुर में निर्माणाधीन नाले में गिरकर युवक की मौत, पेट के आर-पार हुआ सरिया

यूपी की बड़ी खबरें:गोरखपुर में निर्माणाधीन नाले में गिरकर युवक की मौत, पेट के आर-पार हुआ सरिया

गोरखपुर में निर्माणाधीन नाले में गिरने से 55 साल के एक मजदूर हंसराज की मौत हो गई। नाले में लगा खुला सरिया उसके पेट के आर- पार हो गया। जिसके बाद वह करीब 5 मिनट तक तड़पता रहा। आसपास के लोग तत्काल उसे बाहर निकाल कर हॉस्पिटल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो CCTV में कैद हो गया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति देवरिया का रहने वाला था और पादरी बाजार के लक्ष्मीपुर चौराहे स्थित एक डेयरी में काम करता था। मंगलवार शाम को सब्जी लेने के लिए बाहर निकला कि तभी नाले को क्रॉस करते वक्त यह घटना हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं जेई को निलंबित कर दिया गया है। डीएम ने जांच के लिए कमिटी गठित की है। पढ़िए पूरी खबर आगरा में दिनदहाड़े टूटे घर के ताले, 10 लाख चोरी:बाहर गया था परिवार, पीछे के दरवाजे से घुसे थे बदमाश आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र की बसेरा कॉलोनी, कालिंदी विहार में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात चोर सूने मकान का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी में रखे करीब 10 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ले गए। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पढ़िए पूरी खबर प्रयागराज में LIC से फ्रॉड, फर्जी मौत, नकली पोस्टमॉर्टम और 30 लाख का बीमा क्लेम प्रयागराज में भारतीय जीवन बीमा निगम से 30 लाख रुपये का फर्जी मृत्यु दावा हासिल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दंपती ने सड़क हादसे में मौत की पूरी झूठी कहानी तैयार कर नकली दस्तावेजों के आधार पर बीमा क्लेम हासिल कर लिया। मामले के अनुसार आरोपियों ने पहले फर्जी थाने में नकली एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पंचनामा, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और मृत्यु प्रमाण पत्र तक तैयार करा लिया। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर एलआईसी से करीब 30 लाख रुपये का क्लेम पास करा लिया गया। हालांकि बाद में जब नॉमिनी की ओर से दोबारा दस्तावेज जमा किए गए तो जांच में कई तरह की भिन्नताएं सामने आईं। दस्तावेजों की पड़ताल के दौरान पूरी कहानी संदिग्ध लगी, जिसके बाद मामले का खुलासा हो गया। इस मामले में सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने राजीव त्रिपाठी और उसकी पत्नी दुर्गेश नंदिनी त्रिपाठी को आरोपी बनाया है। पढ़ें पूरी खबर… यूपी में गन्ना पर्यवेक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी, 1182 पदों पर 7 जुलाई से आवेदन शुरू उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने गन्ना एवं चीनी विभाग में गन्ना पर्यवेक्षक भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती के तहत कुल 1182 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। अभ्यर्थी 7 जुलाई से 28 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं आवेदन पत्र और शुल्क से जुड़ी गलतियों में संशोधन 4 अगस्त तक किया जा सकेगा। भर्ती में गन्ना पर्यवेक्षक के 1000 सामान्य पद शामिल हैं। इनमें अनारक्षित वर्ग के लिए 402, अनुसूचित जाति के लिए 210, अनुसूचित जनजाति के लिए 16, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 272 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 100 पद आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा गन्ना पर्यवेक्षक विशेष चयन के तहत 182 पदों पर भर्ती होगी। इनमें अनुसूचित जाति के लिए 8, अनुसूचित जनजाति के लिए 18 और ओबीसी वर्ग के लिए 156 पद आरक्षित हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *