प्रयागराज के घूरपुर में एक फायरकर्मी ने बुजुर्ग महिला और उसके पति से गालीगलौज की। तैश में आकर कहा कि पटककर यहीं फाड़ देंगे। इसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो का संज्ञान लेकर फायरकर्मी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके साथ ही उसके खिलाफ जांच भी बैठा दी गई है। घूरपुर फायर स्टेशन पर तैनात
यह मामला बारा तहसील में घूरपुर फायर स्टेशन से संबंधित है। आरोपी फायरकर्मी विशाल यादव यहीं तैनात बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि फायर स्टेशन के ठीक बगल में ही एक बुजुर्ग महिला व उसका परिवार रहता है। महिला और उसके परिवारवालों का आरोप है कि फायरकर्मी परिसर में ही वॉलीबाल खेलते हैं और कई बार बॉल उनके घर में चली आती है। इसका विरोध करने पर एक दिन विशाल ने गालीगलौज की। साथ ही धमकाया भी।
इस घटना का वीडियो भी सामने आया। 54 सेकेंड के इस वीडियो में सबसे पहले बुजुर्ग महिला व उसके पति से फायरकर्मी विशाल की बहस होती दिखाई पड़ती है, जो एक बाइक पर सवार होता है। पहले महिला के पति और फायरकर्मी के बीच बहस होती है और इसके बाद आक्रोशित होकर फायरकर्मी गालीगलौज शुरू कर देता है। महिला इसका विरोध करती है तो वह उसे भी गालियां देता है। साथ ही यह भी कहता है कि उसे यहीं फाड़कर फेंक देगा। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सादे कपड़ों में दो और लोग खड़े नजर आते हैं। यह दोनों बुजुर्ग दंपति को अपने घर जाने को कहते दिखाई पड़ते हैं। बताया जा रहा है कि यह दोनों भी फायरकर्मी हैं जो घूरपुर फायर स्टेशन पर ही तैनात हैं। सीएफओ बोले
मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्रमोहन शर्मा ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद प्रारंभिक जांच कराई गई। इसमें जो तथ्य सामने आए, उसके आधार पर आरोपी फायरकर्मी को मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। कमिश्नरेट उच्चाधिकारियों के आदेश पर प्रकरण की विस्तृत जांच मैं स्वयं कर रहा हूं। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही भेज दी जाएगी।


