डीग जिले में राजस्थान-हरियाणा सीमा को जोड़ने वाला लगभग 9 किलोमीटर लंबा सड़क मार्ग पिछले 30 साल से बदहाल स्थिति में है। पहाड़ी से धीमरी, घाटमिका होते हुए रावलका हरियाणा बॉर्डर तक जाने वाली यह सड़क टूटी हुई है, जिसमें गड्ढे और धूल-मिट्टी है। इससे परेशान ग्रामीणों और स्कूली बच्चियों ने अब प्रशासन से सड़क निर्माण की गुहार लगाई है। स्कूल जाने वाली बच्चियों ने अधिकारियों से सड़क निर्माण की मांग करते हुए कहा कि खराब सड़क के कारण उन्हें रोज स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी होती है। उनका कहना है कि जगह-जगह गड्ढे, धूल और बरसात में कीचड़ के कारण दुर्घटना का डर बना रहता है। 15 गांवों को जोड़ने वाला रास्ता बदहाल
यह सड़क करीब 15 गांवों और 3 ग्राम पंचायतों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और मरीजों को वर्षों से इस खराब सड़क के कारण समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को सड़क की बदहाली से अवगत कराया है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। सड़क की खराब स्थिति को लेकर क्षेत्रवासियों में असंतोष व्याप्त है।
क्षेत्रवासियों ने कामां विधायक नौक्षम चौधरी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से जल्द सड़क निर्माण करवाने की मांग की है, ताकि स्थानीय निवासियों और स्कूली बच्चों को इस समस्या से राहत मिल सके।


