लखीमपुर-खीरी में महिलाओं ने किया शराब दुकान का विरोध, VIDEO:लाठी-डंडे लेकर पहुंची, दुकान तोड़ी, सेल्समैन को भगाया

लखीमपुर-खीरी में महिलाओं ने किया शराब दुकान का विरोध, VIDEO:लाठी-डंडे लेकर पहुंची, दुकान तोड़ी, सेल्समैन को भगाया

लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी में पौराणिक धार्मिक स्थल बाबा टेढ़ेनाथ धाम मार्ग पर शराब की दुकान के विरोध में प्रदर्शन हुआ। रविवार को दर्जनों महिलाओं ने दुकान पर पहुंचकर हंगामा किया। महिलाओं का आरोप है कि धार्मिक स्थल के रास्ते पर शराब की बिक्री से मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, खासकर महिलाओं और बच्चों को परेशानी होती है। पहले भी विरोध के बाद दुकान को मुख्य मार्ग से हटाकर कुछ दूरी पर एक लकड़ी के खोखे में स्थानांतरित किया गया था, लेकिन महिलाओं का कहना है कि रास्ता वही होने के कारण समस्या बनी हुई है। प्रदर्शन के दौरान महिलाएं लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने वहां मौजूद सेल्समैन को फटकार लगाई और उसे वहां से भगा दिया। इस दौरान दुकान में रखा कुछ सामान और फर्नीचर भी क्षतिग्रस्त हो गया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि धार्मिक स्थल के मार्ग पर शराब की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। महिलाओं ने प्रशासन से दुकान को स्थायी रूप से बंद करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *