जींद जिले के जुलाना क्षेत्र में देवरड़ गांव से कमाच खेड़ा संपर्क मार्ग पर बन रही सड़क के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के प्रयोग का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क बनने से पहले ही कई जगह से उखड़ने लगी है। ग्रामीणों के अनुसार, देवरड़ गांव से मालवी रोड तक सड़क निर्माण का कार्य पिछले करीब डेढ़ साल से चल रहा है, लेकिन अभी तक पूरा नहीं हुआ है। ग्रामीण जितेंद्र, नरेंद्र दलाल, बलजीत, बिजेंद्र चहल और बिंद्र सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण में निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों बोले- हाथों से उखड़ रही सड़क सामग्री ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब है कि कई जगहों पर सामग्री हाथों से ही उखड़ रही है, जिससे इसके जल्द खराब होने की आशंका है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित विभाग के उच्च अधिकारी मौके का निरीक्षण करें, सामग्री की जांच करवाएं और दोषी ठेकेदार व अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करें। जेई ने आरोप निराधार बताए वहीं, इस मामले में मार्केटिंग बोर्ड के जेई नरेश तायल ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जा रही है। इसमें अच्छी गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। तायल ने यह भी कहा कि निर्माण कार्य विभागीय मानकों के अनुसार किया जा रहा है।


