मथुरा के चौमुंहा में सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे NH-19 पर एक भीषण हादसा हो गया। जिसमें तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के अगले हिस्से में तुरंत आग लग गई। हादसे में कार सवार तीन युवक-युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जलती हुई कार से तीनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को तत्काल केडी मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। देखिए घटना से जुड़ी तस्वीरें… घटना जैंत थाना क्षेत्र के अंतर्गत केएफसी चौमुंहा के पास सोमवार रात करीब 1:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो दिल्ली से आगरा की ओर जा रही थी। इसी दौरान वह आगे चल रहे बंद बॉडी ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो में आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को हॉस्पिटल में कराया भर्ती सूचना मिलते ही जैंत पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से जलती हुई कार से तीनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को तत्काल केडी मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। तीनों गंभीर रुप से घायल घायलों की पहचान भरतपुर निवासी कशिश (20), हाथरस निवासी पलक (19) और मेवात (नूंह) निवासी कपीश तनवर (21) के रूप में हुई है। कशिश के सिर में गंभीर चोट आई है। पलक के सिर, आंख और मुंह पर चोटें आई हैं, जबकि हाथ-पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। वहीं कपीश तनवर की नाक पर गहरी चोट लगी है। हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात रहा प्रभावित हादसे के चलते हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। थाना अध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि ट्रक और स्कॉर्पियो की टक्कर में तीन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज केडी मेडिकल हॉस्पिटल में चल रहा है।


