अम्बेडकरनगर के राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी:पढ़ाई प्रभावित, यूपी बोर्ड में नहीं निकला कोई टॉपर

अम्बेडकरनगर के राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी:पढ़ाई प्रभावित, यूपी बोर्ड में नहीं निकला कोई टॉपर

जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी से पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। इस समस्या का असर यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के परिणामों में भी दिखा, जहां राजकीय इंटर कॉलेजों से एक भी विद्यार्थी टॉपर नहीं बन सका। जिले में कुल 32 राजकीय माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 17 हाईस्कूल और 15 इंटरमीडिएट स्तर के हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, हाईस्कूल स्तर पर शिक्षकों के बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं। विज्ञान के 32 पदों में से केवल छह शिक्षक कार्यरत हैं, जिससे 26 पद खाली हैं। गणित में 30 में से 13, अंग्रेजी में 32 में से 18 और कला विषय में 14 में से सिर्फ दो शिक्षक उपलब्ध हैं। गृह विज्ञान और कंप्यूटर जैसे विषयों में भी अधिकांश पद खाली पड़े हैं। भौतिक विज्ञान के 15 पदों में से केवल एक शिक्षक कार्यरत इंटरमीडिएट स्तर पर स्थिति और भी चिंताजनक है। भौतिक विज्ञान के 15 पदों में से केवल एक शिक्षक कार्यरत है, जिससे 14 पद रिक्त हैं। अंग्रेजी के 15 में से पांच और रसायन विज्ञान के 15 में से सात शिक्षक ही तैनात हैं। नागरिक शास्त्र के नौ पदों में से एक भी शिक्षक उपलब्ध नहीं है, जबकि गणित के सात पदों में से केवल एक शिक्षक कार्यरत है। शिक्षकों की इस कमी के कारण राजकीय विद्यालयों में पढ़ाई-लिखाई पर गंभीर असर पड़ रहा है, जिससे नामांकन संख्या भी प्रभावित हो रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि विद्यालयों में रिक्त पदों की सूचना विभाग को भेजी जा चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने पर शिक्षकों के इन पदों को भरा जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *