Ajmer : सीएम भजनलाल ने मजदूर लादूराम मेघवाल के घर खाया खाना, कही ऐसी बात, बैठे सभी खिलखिला के हंस पड़े

Ajmer : सीएम भजनलाल ने मजदूर लादूराम मेघवाल के घर खाया खाना, कही ऐसी बात, बैठे सभी खिलखिला के हंस पड़े

Gram Vikas Chaupal : सीएम भजनलाल शर्मा ने रविवार को पुष्कर के कड़ैल में ग्राम विकास चौपाल कार्यक्रम में किसानों एवं युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा कि किसान परंपरागत खेती से आगे बढ़कर आधुनिक एवं जैविक खेती को अपनाएं, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो। वहीं, पशुपालन भी किसान की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि कृषि, डेयरी और सहकारिता क्षेत्र की मजबूती से हमारे गांव समृद्ध बनेंगे।

अजमेर में रात्रि चौपाल में कड़ैल आए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उन्होंने गांव के लादूराम मेघवाल के घर भोजन किया। रात्रि चौपाल में सुनवाई के बाद रात्रि 10 बजे सीएम भजनलाल बिना किसी लवाजमे के लादूराम के घर पहुंचे। यहां उन्होंने दरी पर बैठकर पत्तल-दौने में भोजन किया। भोजन में ककड़ी-टमाटर का सलाद, काचरी-ग्वार फली, दाल-रोटी और चावल परोसा गया। मुख्यमंत्री ने चाव से भोजन किया और परिवार के सदस्यों के साथ फोटो भी खिंचवाई।

यह स्वादिष्ट सब्जी किसने बनाई?

भोजन का आनन्द उठाते वक्त सीएम भजनलाल मुस्कुराते रहे और उन्होंने खासतौर पर काचरी और ग्वार फली की सब्जी की जमकर तारीफ की। लादूराम मेघवाल के घर में बने भोजन के स्वाद से प्रभावित होकर उन्होंने पूछा कि यह स्वादिष्ट सब्जी किसने बनाई है।

Gram Vikas Chaupal Ajmer
ग्रामीण लादूराम मेघवाल के परिवार के संग मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा। फोटो पत्रिका

मेरी पत्नी का नाम भी गीता है…

इस पर लादूराम की पत्नी गीता ने कहा भोजन उन्होंने स्वयं तैयार किया है। इस पर सीएम भजनलाल ने कहा कि उनकी पत्नी का नाम भी गीता है। मुख्यमंत्री की इस बात को सुनकर घर में मौजूद सभी लोग खिलखिला कर हंस पड़े। लादूराम मेघवाल के परिवार में चार बेटे, बहुएं और पोते-पोतियां हैं। वह गांव में मजदूरी का कार्य करते हैं।

केन्द्र व राज्य सरकार किसानों को दे रही सम्मान निधि

इससे पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार किसानों को सम्मान निधि दे रही है। गेहूं खरीद पर 150 रुपए का बोनस भी दिया जा रहा है। प्रदेश में पशुपालकों को गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना एवं मंगला पशु बीमा योजना का लाभ मिल रहा है। पशुओं के इलाज के लिए मोबाइल यूनिट वैन की सुविधा उपलब्ध करवाई है। प्रदेश में दूध संकलन केन्द्रों की संख्या में वृद्धि की जा रही है। मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना में 5 रुपए प्रति लीटर का अनुदान दिया जा रहा है।

कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक खेती करें किसान

मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि किसान कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर आधुनिक खेती करें। हमारी सरकार कृषकों के लिए 23 से 25 मई तक ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट का आयोजन करने जा रही है। राज्य सरकार प्रदेश में सहकारिता को मजबूत बना रही है। नए पैक्स खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के जरिए जल संरक्षण की दिशा में ग्रामीण क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *