सऊदी अरब में मारे गए प्रयागराज के युवक आकाश के घर अभी भी चीखें गूंज रहीं हैं। मां रीता देवी का रो रोकर बुरा हाल है। सऊदी अरब से आई एक कॉल ने पूरे परिवार की खुशियां उजाड़ दी हैं। दो दिनों से आकाश के घर चूल्हा नहीं जला। गांव के लोग गमजदा परिवार के घर खाने पीने का सामान पहुंचा रहे हैं। आकाश की हत्या के बाद परिवार वालों के पास इंडियन एंबेसी से फोन आया है। अफसर एजी अग्रवाल ने परिवार वालों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली और कुछ दस्तावेज मंगाए हैं। इससे घरवालों को उम्मीद जगी है कि आकाश का शव इंडिया आ जाएगा। बिलख रही मां, एक बार चेहरा दिखा दो सबसे बुरा हाल मां रीता देवी का है। रोते रोते मां ने सुधबुध ही खो दिया है। वह अपने लाडले का चेहरा एक बार देखना चाहती है। घर में जो भी जाता है उससे लिपट यही गुहार लगाती है कि हमरे आकाश को ला दो। परिवार वालों का कहना है कि रोटी कमाने भेजा था, यही पता था कि उसकी जिंदगी ही चली जाएगी। मामला विदेश का है, ऐसे में उन्हें पूरी जानकारी भी नहीं मिल रही है। सऊदी अरब में रहने वाले आकाश के एक रिश्तेदार को कॉल कर जानकारी ली जा रही है। आकाश का शव अभी पोस्टमार्टम हाउस में ही रखा है। सांसद ने पत्र लिखा, डीएम से लग रही गुहार आकाश का शव सऊदी अरब से इंडिया लाया जाए इसे लेकर कवायद शुरू हो गई है। परिवार वालों ने वकील के मार्फत विदेश मंत्रालय तक ईमेल भिजवाया है। साथ ही डीएम से गुहार लगाई जा रही है। भाजपा सांसद प्रवीण पटेल ने अपने लेटरहेड पर डीएम को पत्र लिखा है। वह परिवार की मदद के लिए बात कर रहे हैं। साथ ही भाजपा जिलाध्यक्ष गंगापार निर्मला पासवास ने डीएम को पत्र भेजा है। बंगलादेशी कातिल को फांसी हो आकाश के घरवाले कातिल युवक को फांसी देने की मांग कर रहे हैं। उन्हें यह नहीं पता कि हत्या किन वजहों से हुई लेकिन पवन सरोज, शनि सरोज और सबसे छोटे भाई विकास सरोज का कहना है कि गरीब परिवार का बेटा रोटी कमाने गया था, उसकी निर्मम हत्या करने वाले को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मां रीता देवी तो रोते रोते यही पूछती है कौन मारे, काहे मार डाले। 8 मई को आई थी हत्या की खबर, मचा था कोहराम प्रयागराज के युवक की सऊदी अरब में हत्या कर दी गई। बांग्लादेशी रूम पार्टनर ने पत्थर से सिर कूंचकर उसे मार डाला। 8 मई की रात हत्या के बाद 9 मई को युवक हत्या की जानकारी परिवार के लोगों को मिली। विदेश में युवक का मर्डर होने की खबर पाकर घर में कोहराम मच गया। 23 साल का आकाश सरोज सऊदी अरब के अल-अहसा नखलिस्तान (अल-हसा) शहर में लेबर का काम करने गया था। इन दिनों उससे बकरी चरवाया जा रहा था। हत्या करने वाले बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया गया है। सऊदी पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। जानिये क्या है पूरा मामला प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र के सिकंदरा कस्बे के पास दलीपुर गांव के गुलाब सरोज का बेटा आकाश सरोज इसी साल जनवरी माह में सऊदी अरब के अबू स्लासा शहर में नौकरी करने गया था। वहां उसे रहने के कमरा दिया गया था। उसी कमरे में बांग्लोदशी युवक को भी रहने की जगह दी गई थी। रूम पार्टनर से किसी बात पर विवाद के बाद आकाश सोनकर की हत्या की गई। बताया जा रहा है कि बंगलादेशी युवक ने ईंट पत्थर से उसका सिर कूंच डाला। कमरे में लाश मिलने के बाद हंगामा मच गया। 9 मई की दोपहर सऊदी अरब से आकाश के घरवालों को फोन आया। उन्हें बताया गया कि आकाश की हत्या कर दी गई है। आरोपी बांग्लादेशी गिरफ्तार कर लिया गया है। सऊदी पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। शव इंडिया लाने की गुहार आकाश की हत्या के बाद घर में रोना बिलखना मचा है। गांवों की भीड़ भी जुट गई। घरवाले चाहते हैं कि आकाश का शव प्रयागराज आए, ऐसे में वे प्रयागराज के स्थानीय नेताओं से गुहार लगाने पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से गुहार लगाने की तैयारी है। मजदूर परिवार का बेटा गरीबी मिटाने गया था दलीपुर गांव के गुलाब सरोज के चार लड़कों में पवन सरोज, शनि सरोज, आकाश सरोज और छोटा विकास सरोज है। तीसरे नंबर का बेटा आकाश जनवरी में वीजा लगवा कर सऊदी अरब गया था। गुलाब सरोज मजदूरी करके परिवार चलाता हैं। आकाश इंटर की पढ़ाई पूरी कर चुका है। गांव वाले बताते हैं कि आकाश बहुत ही मिलनसार लड़का था। वह अपने पिता के साथ भी मजदूरी करने जाता था।


