गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की ओर से आयोजित कवि सम्मेलन व मुशायरे में कवियों ने दर्शकों के अंतर्मन को झकझोर दिया। हिन्दी पत्रकारिता के 200 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रेम, बिछोह की लाइनों पर खूब तालियां बरसीं। लगभग 3:15 घंटे तक चले आयोजन में प्रदेश के विभिन्न शहरों से कवि व शायर आए थे। उन्होंने सामाजिक बुराइयो पर भी चोट की। लोकतंत्र में आवाज उठाने की महत्ता को प्रभावी ढंग से रखा गया। पूरे कार्यक्रम में दर्शक मौजूद रहे और पसंदीदा लाइनों पर खूब तवज्जो दी। कवयित्री विभा सिंह ने अपनी काव्य प्रस्तुति में भक्ति, प्रेम और संवेदना के भावों को बड़ी खूबसूरती से पिरोया। उनकी कविताओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘प्यार दुख है ना बाधा है प्यार बिन हर मनुष्य आधा है’ पर खूब तालियां बजीं। प्रयागराज से आए आनंद श्रीवास्तव ने बचपन की यादों को ताजा करते हुए मां पर कविता सुनाई। ‘फर्ज बेटे ने यूं निभाया है, घर में कैमरा लगाया है, एक मुद्दत से घर नहीं आया है’ के जरिए उन माता-पिता की स्थितियों को बयां करने की कोशिश की, जिनके बच्चे विदेश में रह रहे हैं। वीरेंद्र मिश्र दीपक, आचार्य मुकेश, सुजीत पांडेय, भालचंद त्रिपाठी, बालादीन बेसहारा ने अपनी कविताओं से लोगों का ध्यान आकृष्ट किया। राजेश सिंह बसर ने लोकतंत्र में जनता के हक की आवाज को शब्दों में पिरोया तो खूब तालियां बजीं। संचालन फर्रुख जमाल ने किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी आमंत्रित कवियों एवं शायरों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेसक्लब के अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि 30 मई को हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं, जिसके क्रम में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है और आगे भी पत्रकारों के ज्ञानवर्धन व साहित्यिक कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार जगदीश लाल श्रीवास्तव, गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद राय, पूर्व अध्यक्ष अशोक चौधरी, पूर्व अध्यक्ष रीतेश मिश्र, पूर्व उपाध्यक्ष अजीत यादव, मृत्युंजय शंकर सिन्हा, मनोज यादव, कुंदन उपाध्याय, पूर्व मंत्री विजय जायसवाल, धीरज श्रीवास्तव, वरिष्ठ पत्रकार अजय शंकर त्रिवेदी, उत्तम दुबे, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, टीपी शाही, बच्चा पांडेय, आलोक शुक्ला, सतीश पांडेय, दामोदर उपाध्याय, मुर्तजा हुसैन, अनवर अली, जावेद, तनवीर अहमद, हरेंद्र दुबे, राजेश सोनकर, हरिकेश सिंह ,अशोक राव, संजय दुबे, प्रमोद सिंह आदि लोग उपस्थित रहे।


