एंबुलेंस चालक को बंधक बनाकर पीटा:नेपाली मरीज को भर्ती न कराने पर दलाल ने की हरकत, मोबाइल-करेंसी लूटी

एंबुलेंस चालक को बंधक बनाकर पीटा:नेपाली मरीज को भर्ती न कराने पर दलाल ने की हरकत, मोबाइल-करेंसी लूटी

लखनऊ के गाजीपुर इलाके में शनिवार देर रात अस्पताल में मरीज भर्ती कराने को लेकर एंबुलेंस चालक के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दलाल ने नेपाली मरीज को मनमुताबिक अस्पताल में भर्ती न कराने पर एंबुलेंस चालक को करीब एक घंटे तक बंधक बनाकर पीटा। इस दौरान एंबुलेंस में लेटा मरीज ऑक्सीजन खत्म होने से तड़पता रहा। आरोपी चालक का मोबाइल और नेपाली करेंसी लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नेपाल के बांके जिले के नेपालगंज गांव निवासी दिनेश राणा एंबुलेंस चालक हैं। दिनेश के मुताबिक वह अक्सर नेपाल से मरीजों को लेकर इलाज के लिए लखनऊ आते हैं। शुक्रवार रात वह एक नेपाली मरीज को लेकर लखनऊ पहुंचे थे, लेकिन अस्पताल में भर्ती न होने पर शनिवार देर रात मरीज को वापस नेपाल लेकर जा रहे थे। दिनेश ने बताया कि रात करीब तीन बजे गाजीपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलगंज इलाके में एक कार सवार युवक ने उनकी एंबुलेंस ओवरटेक कर रोक ली। आरोप है कि कार सवार लकी सिंह ने उन्हें एंबुलेंस से खींचकर बाहर निकाला और मरीज को अपने बताए अस्पताल में भर्ती कराने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने डंडों से उनकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान एंबुलेंस में मौजूद मरीज का ऑक्सीजन सिलेंडर खत्म होने लगा और उसकी हालत बिगड़ने लगी। पीड़ित चालक के मुताबिक वह आरोपी से लगातार छोड़ने की गुहार लगाते रहे, लेकिन आरोपी नहीं माना। करीब एक घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट करने के बाद आरोपी उनका मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये की नेपाली करेंसी लूटकर फरार हो गया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी खुद को कभी स्वास्थ्य मंत्री का पीआरओ बताता है तो कभी किसी बड़े व्यक्ति का करीबी बताकर धौंस जमाता है। चालक ने यह भी दावा किया कि घटना के समय आरोपी के पास हथियार भी था, जिससे वह काफी डरे हुए हैं। एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़ित को चोटें आई हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *