मुजफ्फरपुर: सोशल मीडिया पोस्ट पर भड़के विधायक, समर्थकों संग युवक के घर पहुंचकर किया हमला

मुजफ्फरपुर: सोशल मीडिया पोस्ट पर भड़के विधायक, समर्थकों संग युवक के घर पहुंचकर किया हमला

मुजफ्फरपुर में बीजेपी विधायक रंजन कुमार सिंह पर सोशल मीडिया पोस्ट से नाराज होकर एक युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है, जबकि पुलिस ने मुकुंद कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। 

मुजफ्फरपुर में सत्तापक्ष के एक विधायक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विधायक अपने समर्थकों के साथ कथित तौर पर दबंगई करते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। सूत्रों के अनुसार, जिस युवक के साथ मारपीट हुई, पुलिस ने उसी को गिरफ्तार कर लिया है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

विधायक पर दबंगई और मारपीट का आरोप

यह पूरा विवाद बिहार के मुजफ्फरपुर नगर क्षेत्र के बीजेपी विधायक रंजन कुमार सिंह से जुड़ा है। आरोप है कि विधायक अपने खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट से नाराज हो गए। इसके बाद वे अपने समर्थकों के साथ युवक के घर पहुंचे और उसके साथ जमकर मारपीट की। मारपीट की पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस मामले में पीड़ित युवक मुकुंद कुमार की पत्नी पिंकी ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मुकुंद कुमार अपने सर्विस सेंटर पर मौजूद था, तभी विधायक करीब 50-60 समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने मुकुंद कुमार की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।

पोस्ट को लेकर विधायक और युवक आमने-सामने

इधर, बीजेपी विधायक की ओर से भी मुकुंद कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। अपने आवेदन में विधायक ने आरोप लगाया है कि मुकुंद और एक अन्य युवक दिव्या प्रकाश पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ अमर्यादित टिप्पणियां कर रहे थे। विधायक का कहना है कि जब वे इस मामले की जानकारी लेने उनके घर पहुंचे, तो उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

वहीं, मुकुंद कुमार का कहना है कि वह किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि शहर की समस्याओं को लेकर सोशल मीडिया पर लिखता है। उसके अनुसार, इसी बात से विधायक और उनके समर्थक नाराज हो गए और उसके साथ मारपीट करने लगे।

मुकुंद पर पहले से दर्ज हैं सात आपराधिक मामले

मुकुंद कुमार की गिरफ्तारी के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ हत्या, आर्म्स एक्ट, जालसाजी और उत्पाद अधिनियम समेत कुल सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने इसी मामले में उसे गिरफ्तार किया है।

मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों से मिले आवेदन के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *