मथुरा में डकैती करने वाले दो आरोपी अरेस्ट:रैकी करने वाला भी पकड़ा गया, लूटा सामान और तमंचा बरामद

मथुरा में डकैती करने वाले दो आरोपी अरेस्ट:रैकी करने वाला भी पकड़ा गया, लूटा सामान और तमंचा बरामद

मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र के टैंटीगांव में हुई डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सुरीर पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटा गया सामान, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। आरोपियों को संबंधित धाराओं में कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। थाना प्रभारी अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने अलीगढ़ के खैर कस्बे स्थित शत्रु सिंह के घर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सुभाष पुत्र चंद्रपाल सिंह (निवासी संग्रामपुर रोड, कस्बा खैर, अलीगढ़) और नरेश पुत्र रमेश (निवासी रायपुर बांगर, थाना नौहझील, मथुरा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक जोड़ी पुरानी चांदी की पाजेब, सात गोल्ड फ्लैग सिगरेट की डिब्बियां, 12,500 रुपये नकद, एक 315 बोर का तमंचा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(3), 61 बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस के मुताबिक, यह डकैती 23-24 अप्रैल 2026 की रात टैंटीगांव में हुई थी। बदमाशों ने एक घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ित की तहरीर पर सुरीर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कई पुलिस टीमें गठित की गई थीं। उल्लेखनीय है कि इसी डकैती कांड में गुरुवार को पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश धर्मवीर उर्फ लंबू और पप्पू उर्फ राजेंद्र मारे गए थे। इसके बाद से पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस इन दो नई गिरफ्तारियों को मामले में एक बड़ी उपलब्धि मान रही है। बताया गया है कि नरेश ने ही डकैती की रेकी की थी और व्यापारी के घर की जानकारी दी थी, जिसके बाद टैंटीगांव में डकैती को अंजाम दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *