यूपी पीजीटी परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को जिले के 14 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई। दोनों पालियों को मिलाकर 3552 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 7537 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के पहले दिन भी उपस्थिति और अनुपस्थिति का आंकड़ा लगभग इसी तरह रहा था। परीक्षा केंद्रों पर सख्त चेकिंग के चलते कई महिला अभ्यर्थियों को कानों की इयररिंग्स, ज्वेलरी, घड़ी और चूड़ियां तक उतरवानी पड़ीं। आगरा कॉलेज में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए थे पहली पाली में कुल 5907 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 1850 उपस्थित और 4057 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 5182 अभ्यर्थियों में से 1702 ने परीक्षा दी, जबकि 3480 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। परीक्षा शुरू होने से करीब आधे घंटे पहले ही अभ्यर्थियों को केंद्रों में प्रवेश दिया गया और गेट पर कड़ी चैकिंग की गई। चेकिंग के दौरान कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों के बाहर कानों से गोल्ड इयररिंग्स निकालते नजर आए। वहीं एक नवविवाहिता महिला अभ्यर्थी का चूड़ा भी उतरवाया गया। सुरक्षा कर्मियों ने धातु से बनी वस्तुओं और इलेक्ट्रॉनिक सामान पर पूरी तरह रोक रखी थी। रविवार को आयोजित परीक्षा में मैथ्स, इंग्लिश, फिजिक्स, नागरिक शास्त्र, संस्कृत, हिंदी, भूगोल और अन्य विषय शामिल रहे। अभ्यर्थियों के अनुसार मैथ्स का पेपर मॉडरेट स्तर का रहा, जबकि फिजिक्स मीडियम रही। वहीं इंग्लिश में ग्रामेटिकल प्रश्न अधिक आने के कारण कई अभ्यर्थियों को पेपर थोड़ा कठिन लगा। अभ्यर्थी नेहा ने बताया कि तैयारी अच्छी है, लेकिन वास्तविक स्थिति का पता परिणाम आने के बाद ही चलेगा। वहीं अभ्यर्थी सोनू ने कहा कि पेपर ज्यादा कठिन नहीं था, लेकिन इंग्लिश में ग्रामेटिकल प्रश्न अधिक होने के कारण उसे हल करने में समय लगा। प्रदेशभर में परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए सीसीटीवी निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी।


