सतना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित उमरी मोहल्ले में रविवार दोपहर 21 वर्षीय युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया। मृतका की पहचान मुन्नी यादव पुत्री बहादुर यादव के रूप में हुई है। उसने अपने कमरे में पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की मां बच्ची यादव ने बताया कि वह रविवार सुबह करीब 10 बजे अपनी दो अन्य बेटियों के साथ काम पर गई थीं। दोपहर करीब 2 बजे छोटी बेटी राधिका घर लौटी तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो राधिका छत के रास्ते घर के अंदर पहुंची। वहां कमरे में मुन्नी फांसी के फंदे पर लटकी मिली। परिजन तत्काल मुन्नी को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


