Tamil Nadu CM Vijay: तमिलनाडु में अभिनेता से नेता बने विजय ने सीएम पद की शपथ ले ली है। विजय के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी शामिल हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद विजय को शुभकामनाएं दी और कहा कि राज्य ने नई पीढ़ी और नई सोच को चुना है।
एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि तमिलनाडु ने फैसला किया है। एक नई पीढ़ी, एक नई आवाज़, एक नई कल्पना। उन्होंने कहा कि विजय को मेरी शुभकामनाएं, वे तमिलनाडु की जनता की उम्मीदों पर खरे उतरें।
इन पार्टियों के नेता हुए शामिल
बता दें कि एक्टर विजय ने रविवार सुबह 11 बजे सीएम पद की शपथ ली। इस समारोह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कांग्रेस, सीपीआई, सीपीआई(एम) और वीसीके के नेता भी मौजूद रहे। इन दलों ने विधानसभा में बहुमत हासिल करने में टीवीके का समर्थन किया था। विजय ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी महासचिव के. सी. वेणुगोपाल का समर्थन के लिए धन्यवाद भी किया।
विजय ने राहुल गांधी के साथ ली शेल्फी
शपथ ग्रहण के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने एक निजी और सिनेमाई अंदाज में राहुल गांधी के साथ सेल्फी लेकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। चेन्नई में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल ने विजय और उनके नौ मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने पहले संबोधन में मुख्यमंत्री विजय ने जनता का आभार जताते हुए नए युग की शुरुआत की बात कही। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय पर आधारित होगी।
विजय ने संभाला कार्यभार
रविवार को चेन्नई स्थित सचिवालय में विजय ने औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला। सचिवालय पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। इसके बाद उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला।
विजय ने कहा कि आइए हम सब मिलकर तमिलनाडु को एक नई सरकार दें। यह एक नई शुरुआत है, एक नए युग की शुरुआत, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय पर आधारित।
उन्होंने यह भी कहा कि वे जनता से झूठे वादे नहीं करेंगे और केवल वही वादे करेंगे जो पूरे किए जा सकते हैं। भावुक अंदाज़ में उन्होंने कहा कि वे किसी शाही परिवार से नहीं आते, बल्कि आम परिवार से हैं और जनता के बेटे, भाई जैसे हैं।


