मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में बीते 2-3 दिनों में मौसम ने अचानक करवट ली है। दिनभर तेज धूप और चिपचिपी उमस होती है, लेकिन शाम होते-होते आसमान में बादल छा जाते है और कई इलाकों में धूलभरी आंधी और बूंदाबांदी देखते को मिलती है। खासकर ठाणे, कल्याण, डोंबिवली, नवी मुंबई और रायगढ़ के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम में हल्की बारिश भी दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि यह प्री-मानसून सीजन की एक सामान्य घटना है।
मौसम विभाग (आईएमडी) ने आज मुंबई और उपनगरों में उमसभरी गर्म को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक प्री-मानसून गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
मुंबई में क्यों बढ़ रही है उमस और गर्मी?
आईएमडी मुंबई के क्षेत्रीय मौसम केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि फिलहाल निचले स्तर पर उत्तर दिशा से हवाएं चल रही हैं, जिसकी वजह से मुंबई और आसपास के इलाकों में तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि मानसून के आगमन से पहले वातावरण में नमी लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण उमस काफी ज्यादा महसूस हो रही है। रात के तापमान में भी ज्यादा गिरावट नहीं हो रही, जिससे लोगों को गर्म और चिपचिपी रातों का सामना करना पड़ रहा है।
मुंबई उपनगरों में सामान्य से अधिक तापमान
बीते कुछ दिनों से मुंबई उपनगर में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। सांताक्रूज मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 2 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि दक्षिण मुंबई में दिन और रात का तापमान अपेक्षाकृत सामान्य रहा। यहां अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शाम होते ही बदला मौसम, कई इलाकों में बारिश
गुरुवार की तरह ही शनिवार को भी शाम 4 बजे के करीब मौसम अचानक बदल गया। तेज हवाओं के साथ धूल उड़ने लगी और कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। ठाणे, कल्याण, डोंबिवली, नवी मुंबई और रायगढ़ में लोगों को तेज गर्मी के बाद राहत महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून से पहले की इस ट्रांजिशन अवधि में जमीन की ऊपरी मिट्टी सूखी और ढीली होती है। जब गरज के साथ बारिश की स्थिति बनती है, तो तेज हवाओं के कारण यह मिट्टी उड़ने लगती है और धूल भरी आंधी का रूप ले लेती है। यह प्री-मानसून सीजन की एक सामान्य घटना है। दिन भर की तेज गर्मी के कारण वातावरण में अस्थिरता पैदा होती है, जो अनुकूल परिस्थितियों में शाम के समय गरज और बिजली के साथ बारिश का कारण बनती है। अगले कुछ दिनों तक मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में इसी तरह की छिटपुट बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
प्री-मानसून में सामान्य हैं शाम के समय आंधी-तूफान
आईएमडी के मुताबिक, प्री-मानसून सीजन में शाम के समय गरज-चमक और हल्की बारिश होना सामान्य मौसमीय प्रक्रिया है। दिनभर की तेज गर्मी वातावरण में अस्थिरता पैदा करती है, जिसके कारण दोपहर या शाम के समय बादल बनते हैं और आंधी-तूफान की गतिविधियां शुरू हो जाती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और उमस से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीने और दोपहर के समय ज्यादा देर तक धूप में बाहर न रहने की सलाह दी है।


