Mothers Day 2026 Special Story : “धरती पर सबसे बड़ी योद्धा मांएं ही हैं।” ये बात यूं ही नहीं कही जाती है। आज मदर्स डे 2026 पर उन मांओं के बारे में जानते हैं जिन्होंने इस कथन को सार्थक कर दिखाया। अपनी बेटियों को मजबूत बनाने के लिए मजदूरी तक की। आज उसका नतीजा है कि उनकी बेटियां भारत के सबसे कठिन परीक्षा यूपीएससी (UPSC) क्रैक करके आईएएस और आईपीएस बनी हैं। आइए, ऐसी दो मांओं और उनकी बेटियों के बारे में पढते हैं।
Divya Tanwar : पहले IPS और फिर बनी IAS
हरियाणा के एक छोटे से गांव निंबी की रहने वाली दिव्या तंवर ने यूपीएससी परीक्षा में एक बार नहीं दो बार कमाल कर दिखाया। साल 2021 में 21 साल की उम्र में वो 438वीं रैंक हासिल करके IPS बनीं। फिर, 22 साल की उम्र में वो आईएएस बनकर आगे बढ़ीं।
पिता की मौत और मां करने लगी मजदूरी
दिव्या के सपनों को पूरा करने के लिए उनकी विधवा मां बबीता तंवर ने कोई कसर नहीं छोड़ी। बताया जाता है कि साल 2011 में दिव्या के पिता का निधन हो गया था। इसके बाद घर के हालात बिगड़ चुके थे। पर, मां ने अपनी कमर कसी और बेटी को पढ़ाया।
इसी तरह से एक और मां की कहानी है-
IAS Anita Deora : अनीता देवड़ा की सक्सेस स्टोरी
राजस्थान की एक मजदूर मां ने बेटी का सपना पूरा करने के लिए मजदूरी की। ताकि बेटी की पढ़ाई चलती रहे। हम बात कर रहे हैं IAS अनीता देवड़ा की। अनीता ने यूपीएससी 2025 में 644 वीं रैंक हासिल की।
अनीता ने अपने संघर्ष की कहानी शेयर कर मीडियो को बताया था कि वो साधारण परिवार से आती हैं। उनके पिता किसान हैं और माता मजदूरी करती हैं। उनके गांव में बेटियों को नहीं पढ़ाया जाता है। पर, उनकी मां ने कभी पढ़ने से नहीं रोका।
उनकी मां अक्सर पड़ोसी और रिश्तेदारों से कहती थी कि बेटी जहां तक पढ़ेगी उसको वहां तक पढ़ाना है।
ऐसी अनगिनत मांएं हैं जिन्होंने किस्मत से लड़कर अपने बच्चों को मुकाम पर पहुंचाया है। उन मांओं को पत्रिका की ओर से मदर्स डे की शुभकामनाएं (Happy Mother’s Day 2026)।


