लखनऊ के महानगर थाना क्षेत्र स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में चोर ने पुलिसकर्मी के घर को निशाना बना लिया। घर में घुसकर नकदी, जेवर, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। चोर को पकड़ने के दौरान महिला के पति बालकनी से नीचे गिर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़िता ने पुलिस लाइन में रहने वाले युवक समीर पर चोरी का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी दो रात बाद चोर फिर घर में घुस आया था, लेकिन जागने की वजह से वो भाग निकला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सुबह 3 बजे घर में घुसा चोर रिजर्व पुलिस लाइन के लाल ब्लॉक निवासी निर्मला चौधरी पति अनूप कुमार चौधरी के साथ रहती थी। उनके मुताबिक 7 मई की सुबह करीब 3 बजे एक युवक घर में घुस आया। घर से एक जोड़ी चांदी की पाजेब, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, 38 हजार रुपए नकद, मोबाइल फोन, एसबीआई एटीएम कार्ड और पुलिस विभाग का आईडी कार्ड चोरी कर ले गया। आहट सुनकर जागे, पीछा किया निर्मला ने बताया कि चोरी के बाद आरोपी छत के रास्ते भाग रहा था। तभी आहट सुनकर उनकी नींद खुल गई। वो और उनके पति चोर को पकड़ने के लिए दौड़े। इसी दौरान आरोपी बालकनी से कूदकर भाग निकला। पीछा करते समय बालकनी की रेलिंग टूट गई और उनके पति नीचे गिर पड़े। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। दोबारा घर में घुसा आरोपी पीड़िता का आरोप है कि 8 और 9 मई की रात वही युवक फिर घर में घुस आया। इस बार वह घरेलू सामान चोरी करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन परिवार के जाग जाने पर मौके से भाग निकला।महिला ने आरोपी की पहचान समीर पुत्र इस्लाम के रूप में की है, जो रिजर्व पुलिस लाइन में ही रहता है। पीड़िता के अनुसार आरोपी नशे का आदी है। महानगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


