शपथ ग्रहण से पहले तमिलनाडु में सियासी ड्रामा, एटली समेत कई सितारों ने थलापति विजय को मुख्यमंत्री बनने की दी बधाई

शपथ ग्रहण से पहले तमिलनाडु में सियासी ड्रामा, एटली समेत कई सितारों ने थलापति विजय को मुख्यमंत्री बनने की दी बधाई

Thalapathy Vijay Oath Taking Ceremony: तमिलनाडु की राजनीति में आखिरकार वो पल आ ही गया जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार और तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के प्रमुख सी जोसेफ विजय अब तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में 10 मई की सुबह शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जहां विजय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

विजय का मुख्यमंत्री बनना सिर्फ एक राजनीतिक बदलाव नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे तमिलनाडु की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत बताया जा रहा है। खास बात ये है कि 1967 के बाद पहली बार ऐसा होने जा रहा है जब डीएमके और एआईएडीएमके के बाहर का कोई नेता राज्य की सत्ता संभालेगा।

चुनावी जीत ने बदल दी राजनीति की तस्वीर (Thalapathy Vijay Oath Taking Ceremony)

तमिलगा वेत्री कड़गम ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की। इसके बाद कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम, वीसीके और आईयूएमएल जैसी पार्टियों ने विजय को समर्थन देकर सरकार बनाने का रास्ता साफ कर दिया। 234 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत थी, जबकि विजय के नेतृत्व वाले गठबंधन के पास 120 विधायकों का समर्थन पहुंच गया।

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात के बाद विजय को सरकार बनाने का न्योता दिया गया। इसके साथ ही तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लग गया।

फिल्म इंडस्ट्री में खुशी की लहर

विजय के मुख्यमंत्री बनने की खबर सामने आते ही तमिल फिल्म इंडस्ट्री में खुशी का माहौल देखने को मिला। कई सितारों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर उन्हें बधाई दी।

म्यूजिक डायरेक्टर जीवी प्रकाश कुमार ने विजय को तमिलनाडु का नया मुख्यमंत्री बनने पर शुभकामनाएं दीं। वहीं निर्देशक एटली ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शपथ ग्रहण से जुड़ी आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए उत्साह जाहिर किया। अभिनेता सिबी सत्यराज ने विजय को इतिहास रचने वाला नेता बताते हुए उन्हें बधाई दी।

फिल्मी दुनिया से राजनीति तक का विजय का सफर अब चर्चा का सबसे बड़ा विषय बन चुका है। फैंस भी सोशल मीडिया पर लगातार उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। साउथ के जाने-माने डायरेक्टर एटली ने भी विजय को लेकर एक पोस्ट किया।

Thalapathy Vijay Oath Taking Ceremony

दो सीटों से जीते विजय

इस चुनाव में विजय ने दो विधानसभा सीटों से जीत हासिल की। हालांकि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें एक सीट छोड़नी होगी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि विजय की लोकप्रियता और युवाओं के बीच उनकी मजबूत पकड़ ने चुनाव में अहम भूमिका निभाई।

क्या बदल पाएंगे तमिलनाडु की राजनीति?

विजय की एंट्री ने तमिलनाडु की पारंपरिक राजनीति को पूरी तरह बदल दिया है। लंबे समय से राज्य की राजनीति दो बड़ी पार्टियों के इर्द-गिर्द घूमती रही है, लेकिन अब जनता ने एक नए चेहरे पर भरोसा जताया है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि विजय के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी फिल्मी लोकप्रियता को प्रशासनिक सफलता में बदलने की होगी। जनता को अब उनसे रोजगार, विकास और बेहतर शासन की उम्मीदें हैं।

फिलहाल तमिलनाडु में विजय के मुख्यमंत्री बनने को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। चेन्नई से लेकर सोशल मीडिया तक हर तरफ सिर्फ एक ही नाम की चर्चा है- सी जोसेफ विजय।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *