नीमच शहर में यातायात व्यवस्था सुधारने और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया और नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगुर्जर और उनकी टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान का मुख्य फोकस उन चार पहिया वाहनों पर रहा जिनके शीशों पर नियमों के खिलाफ काली फिल्म लगी हुई थी। पुलिस ने ऐसे वाहनों को रोका, मौके पर ही काली फिल्म उतरवाई और चालान भी जारी किए। शराब पीकर बाइक चलाने वालों पर कार्रवाई विशेष चेकिंग के दौरान यातायात टीम ने बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले युवकों और शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की। इस दौरान शनिवार देर रात तक कुल 30 चालान काटे गए और वाहन चालकों से 11 हजार रुपए का समन शुल्क वसूला गया। पुलिस की इस सक्रियता से नियम तोड़ने वाले चालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। वाहनों से काली फिल्म हटाने के निर्देश यातायात पुलिस नीमच ने जनता से अपील की है कि वे अपने वाहनों से काली फिल्म स्वयं हटा लें, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई का सामना न करना पड़े और शहर की यातायात व्यवस्था सुगम बनी रहे।


